यूपी टीईटी शिक्षक संघ से संबद्ध टीईटी प्रशिक्षुओं ने बेसिक शिक्षा विभाग मेें मौलिक नियुक्ति पाने के लिए बुधवार को सड़क पर उतरकर हुंकार भरी। उन्होंने कलक्ट्रेट में नारेबाजी करके अफसरों का अपनी ओर ध्यानाकर्षण किया। बाद में उनका शिष्टमंडल सिटी मजिस्ट्रेट नरेंद्र सिंह से मिला और उन्हें प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा के नाम ज्ञापन देकर अपनी मांगों और समस्याओं का निस्तारण कराने की गुहार की।
प्रदर्शन में शामिल टीईटी प्रशिक्षुओं का नेतृत्व करते हुए संघ के जिलाध्यक्ष मनोज शर्मा ने कहा कि परीक्षा नियामक प्राधिकारी द्वारा आयोजित प्रशिक्षु शिक्षकों की द्वितीय चरण की परीक्षा का परिणाम घोषित हो चुकने के बावजूद प्रशिक्षुओं को मौलिक नियुक्ति देने का शासनादेश अभी तक जारी नहीं हुआ। यही नहीं, पहले चरण में परीक्षा उत्तीर्ण करके नियुक्ति प्राप्त कर चुके सहायक अध्यापकों का वेतनमान जारी नहीं हो होने से उन्हें विभागीय सेवाओं के बदले आर्थिक लाभ मिलना शुरू नहीं हुआ है।
ज्ञापन में दूसरे चरण की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले प्रशिक्षुओं को नियुक्ति संबंधी राजाज्ञा शीघ्र जारी किए जाने, नियुक्त हो चुके सहायक शिक्षकों को उचित वेतनमान का शासनादेश निर्गत किए जाने, प्रशिक्षणरत और प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके टीईटी प्रशिक्षुओं को अद्यतन मानदेय भुगतान को विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने आदि मांगो का उल्लेख किया गया है। प्रदर्शन में सुनील मौर्य, अखिलेश त्रिपाठी, राहुल प्रियदर्शी, लईक अहमद, रोहित गुप्ता, राम आसरे सक्सेना, आशीष द्विवेदी, अनुराग पाठक, गिरजाशंकर, आशीष गुप्ता, विमल दीक्षित, आशीष विश्वकर्मा, ज्ञान सिंह शाक्य आदि शामिल रहे।