आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल के कार्यालय पर सीबीआई छापों के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाने को लेकर आप कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच सोमवार को तीखी नोकझोंक हो गई। तकरार उस वक्त बढ़ी जब आप कार्यकर्ता पुतला लेकर टाउनहाल में शहीद पार्क की ओर बढ़े कि वहां थाना सदर बाजार के प्रभारी निरीक्षक जेपी तिवारी पुलिस फोर्स के साथ आ धमके। पुलिस के पुतला छीन लेने पर कार्यकर्ताओं का रोष उबाल खा गया और उन्होंने जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के लिए आप के पदाधिकारी और कार्यकर्ता टाउनहाल में नगरपालिका परिषद की शहीद प्रतिमाओं के पास जमा हुए। वहां उन्होंने प्रधानमंत्री का पुतला तैयार किया और सभा करके केंद्र सरकार पर विरोधियों के साथ बदले की राजनीति करके उन्हें तरह-तरह से परेशान करने का आरोप लगाया। इस मौके पर पार्टी संयोजक अपूर्व अग्निहोत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार अपनी हार से बुरी तरह बौखला गई है।
उन्होंने कहा कि अपनी हार और दिल्ली की शकूरपुर बस्ती की घटना से ध्यान हटाने के लिए मुख्यमंत्री केजरीवाल के दफ्तरों पर छापे मारे गए हैं। जिला सचिव कीर्तिमान प्रकाश च्यवन ने कहा कि जो लोग कल तक सीबीआई को पिंजरे का तोता कहते थे, वही उसका मनमाना दुरुपयोग करने पर आमादा हैं। सभा के बाद कार्यकर्ता पुतला लेकर आगे बढ़े तो सदर इंस्पेक्टर की जीप उनके आड़े आ गई।
सिपाहियों ने पुतला जलाने से रोका तो दो कार्यकर्ता पुतला लेकर भाग खड़े हुए। बाद में पुलिस ने उनका पीछा करके उन्हें पकड़ा और पुतला छीनकर अपने कब्जे में ले लिया। इस पर कार्यकर्ताओं ने पुलिस को निशाने पर लेकर नारेबाजी शुरू कर दी और बाद में घरों की राह पकड़ ली। प्रदर्शन में जेबी सिंह, संजीव गुप्ता, अमित त्रिवेदी, बीडी शर्मा, राजीव यादव, आफताब सिद्दीकी, असदउल्ला खां, मनोज कुमार, केके रस्तोगी, अपूर्व कुमार, मनीष यादव, राकेश जौहरी, मनोज मिश्रा, खुर्शीद बेग आदि शामिल रहे।