शाहजहांपुर में रोटी गोदाम स्थित कंपोजिट स्कूल में परीक्षा देते छात्र-छात्राएं। संवाद
शाहजहांपुर। जिले के 2716 परिषदीय स्कूलों में शैक्षिक सत्र 2026-27 की प्रथम सत्र परीक्षा बुधवार से शुरू हो गई। कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
सुबह 8:30 बजे से साढ़े दस बजे तक प्रथम पाली और दिन मेंं 11:30 से 1:30 बजे तक दूसरी पाली में परीक्षा कराई गई। कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों की सभी विषयों की मौखिक परीक्षा कराई गई। कक्षा छह से आठ तक पहली पाली में बेसिक क्राफ्ट, संबंधित कला, कृषि और गृह शिल्प तथा दूसरी पाली में खेल एवं शारीरिक शिक्षा और स्काउट-गाइड की लिखित परीक्षा हुई।
स्कूलाें में ब्लैक बोर्ड पर प्रश्न लिख दिए गए, जिसका उत्तर बच्चों ने अपनी कॉपी पर लिखा। शहर के रोटी गोदाम स्थित कंपोजिट विद्यालय में प्राथमिक स्तर के 112 और उच्च प्राथमिक स्तर के 121 बच्चों ने परीक्षा दी। प्रधानाध्यापक इमरान सईद ने बताया कि प्रश्न विभागीय समय सारिणी के अनुसार विद्यालय स्तर पर तैयार किए गए।
परीक्षा को लेकर बच्चों में उत्साह रहा। नगर के 4876 बच्चों ने परीक्षा में भाग लिया। बीएसए जयशंकर श्रीवास्तव ने बताया कि प्रधानाध्यापकों को परीक्षा को निगरानी में कराने के निर्देश दिए गए हैं।