दुकान के टीनशेड पर चलती जेसीबी
- फोटो : SHAHJAHANPUR
जलालाबाद। नगर में विभिन्न स्थानों पर अस्थायी अतिक्रमण को प्रशासन ने शुक्रवार को बलपूर्वक हटवा दिया। इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारी बेचैन हैं। कई स्थानों पर दुकानदारों ने विरोध भी जताया, परंतु उनकी सुनी नहीं गई।
तहसील रोड से शुरू हुआ अतिक्रमण हटाओ अभियान खंडहर रोड, मेन चौराहा, बरेली फर्रुखाबाद हाईवे, रामताल रोड से लेकर बारहपत्थर चौराहे तक चला। नाला के आगे टिन रखकर, खोखा या चबूतरा बनाकर किए अस्थायी अतिक्रमण जेसीबी से हटवा दिए। खंडहर रोड के लोगों की शिकायत थी कि प्रशासन अस्थायी अतिक्रमण हटवा रहा है, परंतु कई लोगों ने नाले के आगे तक जो पक्का निर्माण कर स्थायी अतिक्रमण कर रखा है, उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही। इस सवाल का अधिकारी जवाब नहीं दे सके। एसडीएम बरखा सिंह, तहसीलदार चमन सिंह, नायब तहसीलदार चंद्रगुप्त सागर, ईओ डीएस वर्मा और पुलिस बल मौजूद रहा।
चौड़े नजर आने लगे रास्ते
सदर बाजार रोड, नलवाली गली तथा कपड़ा मंडी के जिन रास्तों से बाइक निकलना मुश्किल थी, वह अतिक्रमण हट जाने से काफी चौड़े नजर दिखाई दे रहे थे।