शाहजहांपुर। पछुआ हवा चलने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। सुबह हल्का कोहरा रहा। सुबह सर्द हवा चलने से लोगों को गलन का एहसास हुआ। गन्ना शोध संस्थान के मुताबिक पछुआ हवा और पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और गिरावट होने के आसार बन रहे हैं।
गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह बताया कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस रहा था।
अधिकतम तापमान में 1.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। डॉ. मनमोहन सिंह के मुताबिक पछुआ हवा चल रही है। वायुदाब नौ मिलीबार गिरा हुआ है। आर्द्रता 49 फीसदी है। इससे वातावरण में नमी कम हुई है। बुधवार को कोहरा छाने के आसार हैं।