निगोही सीएचसी पर किशोरी से छेड़खानी के मामले में पुलिस ने उसके पिता की ओर से आरोपी लैब टेक्नीशियन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। हालांकि, आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
शाहजहांपुर के निगोही सीएचसी में जांच के बहाने किशोरी से लैब टेक्नीशियन ने छेड़खानी की। किशोरी के चिल्लाने पर बाहर खड़ा पिता अंदर पहुंचा तो आरोपी भाग गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने मंगलवार को पीड़ित किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा। उधर, आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी है।
विज्ञापन
निगोही थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसकी नाबालिग बेटी का निगोही सीएचसी से इलाज चल रहा है। सोमवार को दोपहर करीब सवा तीन बजे अनुराग कठेरिया नाम के व्यक्ति ने उसे कॉल कर कहा कि अपनी बेटी को लेकर अस्पताल आ जाओ। वह बेटी को लेकर अस्पताल गए, जहां अनुराग ने बेटी को कमरे में बुलाया और उसे बाहर कर दिया।
कमरे में रोते मिली किशोरी
पांच मिनट बाद बेटी के चीखने की आवाज आई तो वह दरवाजे को धक्का देकर अंदर पहुंचा। रोते हुए लड़की ने पिता को बताया कि आरोपी ने जांच के बहाने उसे लिटाया और उससे छेड़खानी की। इस पर पिता ने जब आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो वह भाग गया।
निगोही थाने के प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीएचसी प्रभारी डॉ. नितिन चौधरी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभागीय जांच रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय को भेज दी गई है और आगे की कार्रवाई वहीं से होगी।