शाहजहांपुर। रोजा-शाहजहांपुर के बीच गेट नंबर 318 रिले रूम में शुक्रवार शाम को तकनीकी खराबी आ गई। लखनऊ दिशा की ओर जा रही ट्रेनों को रोकना पड़ गया। इसके चलते यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब एक घंटा 20 मिनट के बाद रिले रूम की खराबी को दूर कर रेल यातायात को बहाल किया गया।
शनिवार शाम 5.45 बजे ट्रेन नंबर 14236 बरेली-बनारस एक्सप्रेस को पास कराया गया। इसके बाद अचानक से रिले रूम में तकनीकी खराबी आ गई। ट्रैक सर्किट लाल होने के कारण कंट्रोल के आदेश पर गाड़ियों को रोक दिया गया। डाउनलाइन पर काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस शाहजहांपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर रोक दी गई। श्रमजीवी एक्सप्रेस गर्रा पुल के ऊपर आउटर पर खड़ी कर दी गई। मुगलसराय एक्सप्रेस, सप्तक्रांति एक्सप्रेस, दानापुर चंडीगढ़ एक्सप्रेस भी काफी देर तक खड़ी रहीं। सिग्नल विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर तकनीकी कमी को दूर कर एक घंटा 20 मिनट के बाद रेल यातायात को बहाल कराया। स्टेशन अधीक्षक जेपी सिंह ने बताया कि डाउन लाइन के सिगनल लाल होने से रेल यातायात बाधित हो गया था।