शाहजहांपुर। आरसी मिशन थाना क्षेत्र में हरदोई बाईपास के होटल रेड चिली से फरार कुख्यात अपराधी आदित्य राणा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमों ने नए सिरे से प्रयास शुरू किए हैं। पुलिस की टीमें नेपाल बॉर्डर समेत कई जिलों में गईं हैं।
पेशी से बिजनौर से वापस जाते समय आदित्य राणा 23 अगस्त की रात को भाग गया था। उसका सुराग एक महीने के बाद भी नहीं लग पाया है। एडीजी के निर्देश पर शाहजहांपुर और बिजनौर पुलिस की टीम गठित की गईं है। एसपी ने टीम के साथ बैठक करने के बाद प्रगति रिपोर्ट की जानकारी ली थी। राणा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने फिर दूसरे जिलों में संभावित ठिकानों पर छापा मारा है। बताते हैं कि एक टीम नेपाल बॉर्डर तक गई है। वहीं बिजनौर व उसके आसपास के जिलों में पुलिस ने जानकारी ली है। हालांकि, उसका कोई सुराग नहीं लगा है। एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि आदित्य राणा की गिरफ्तारी के लिए टीमें जुटी हैं।