स्वामी गिरीश हरिदास का फाइल फोटो। स्रोत: जागरूक पाठक
निगोही (शाहजहांपुर)। गुरगवां गांव में गुरुग्राम आश्रम के संस्थापक और लोकतंत्र सेनानी स्वामी गिरीश हरिदास का बीमारी से रविवार सुबह निधन हो गया। वह लगभग 75 वर्ष के थे। दोपहर बाद आश्रम परिसर में उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना सहित तमाम लाेगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
उनके निधन की सूचना मिलते ही आश्रम पर सुबह से शोकाकुल लोग जुटने लगे। उनकी अंत्येष्टि उनके मुख्य सेवक और सहायक चंद्रपाल ने मुखाग्नि देकर की। इससे पहले, टिकरी पुलिस चौकी के प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस गारद ने दिवंगत लोकतंत्र सेनानी को सलामी दी। उनके अंतिम संस्कार के मौके पर वित्त मंत्री के अलावा पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद, महापौर अर्चना वर्मा, विधायक सलोना कुशवाहा, पूर्व विधायक रोशनलाल वर्मा, डीसीबी अध्यक्ष डीपीएस राठौर, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश मिश्र और श्याम नारायण मिश्रा, आरएसएस नेता रवि मिश्रा, डाॅ. अवनीश मिश्रा आदि मौजूद रहे। जिला प्रशासन की ओर से एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार और तहसीलदार दीपेंद्र कुमार भी मौजूद रहे। संवाद
विहिप जिलाध्यक्ष की पत्नी के निधन पर जताया दुख
पुवायां। पुवायां के रहने वाले विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष केके गुप्ता की पत्नी 60 वर्षीय मीनू गुप्ता का रविवार सुबह राजकीय मेडिकल कॉलेज में निधन हो गया। अस्थमा के चलते शनिवार को उनकी हालत बिगड़ गई थी। विधायक चेतराम, नगरपालिका अध्यक्ष संजय गुप्ता, जगंवत सिंह, डॉ. विजय पाठक, संजय उपाध्याय, डॉ. राकेश मिश्रा, राजदीप सिंह, गोपीनाथ अग्निहोत्री, संजय त्रिपाठी सहित तमाम लोगों ने उनके घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। संवाद