सदर बाजार में शुक्रवार दोपहर धूप से बचाव को बच्चे को दुपट्टे से ढक वाहन का इंतजार कर रही महिला।
शाहजहांपुर। दिन में तेज धूप के बाद रात में मौसम बदल गया। रात करीब दस बजे आंधी और बाद में बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञ ने शनिवार को सुबह से तेज धूप निकलने और गर्मी बढ़ने की संभावना व्यक्त की है।
बुधवार को लगातार कई दिन से निकल रही तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस हो गया था, लेकिन रात में हवा के कम दबाव का क्षेत्र बनने से चली आंधी और गरज के साथ बारिश होने के साथ ही ओले गिरने से मौसम ने एकाएक करवट बदल ली। बृहस्पतिवार को सुबह तक बादल छाए रहने और 1.8 मिमी वर्षा से दिन और रात के तापमान में भारी गिरावट आ गई थी।
शुक्रवार को सुबह सूर्योदय के दो-तीन घंटे बाद तक नम और ठंडी पुरवाई चलने से मौसम खुशगवार बना रहा, लेकिन बाद में तेज धूप से राह चलते लोगों का पसीना निकलने लगा। गन्ना शोध परिषद के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार बारिश के कारण आर्द्रता 30 से 40 प्रतिशत बढ़ जाने से सुबह और शाम को ठंड महसूस हो रही है। उन्होंने बैरोमीटर सूचकांक में सामान्य से दो अंक की वृद्धि का हवाला देते हुए कहा कि वायुदाब में मामूली वृद्धि से शनिवार को सुबह से पुरवा हवा चलेगी। इससे बादल छिटकने और तेज धूप निकलने के साथ गर्मी फिर से परवान चढ़ेगी।