जलालाबाद में हवाई पट्टी के निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक व वायु सेना के अधिकारी। स्रोत: प्रशासन
- फोटो : kathua news
जलालाबाद। गंगा एक्सप्रेसवे की नवनिर्मित हवाई पट्टी के दोनों ओर पांच किमी के दायरे में तारों की बाड़ लगाई जाएगी। शुक्रवार को बरेली से आए वायु सेना के अधिकारियों ने हवाई पट्टी का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। माना जा रहा है कि हवाई पट्टी के परीक्षण के लिए विमानों को यहां जल्द उतारा जाएगा।
लगभग 3.5 किमी लंबी हवाई पट्टी का चमरपुर कलां गांव से खंडहर गांव के बीच निर्माण किया गया है। इसमें चमरपुर कलां, चमरपुर खुर्द, चढोकर, खूंटा नगला, दियुरा व पीरू गांव का रकबा भी शामिल है। वायुसेना के अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे। एसडीएम दुर्गेश यादव को वायु सेना के अधिकारियों ने निर्माण कंपनी को विमान उतारने की टेस्टिंग से पहले पांच किमी एरिया में फेंसिंग कराने के निर्देश दिए।
एसडीएम के अनुसार, वायु सेना के अधिकारियों ने लैंडिंग के दौरान हवाई पट्टी को पूरी तरह समतल रखने के लिए कहा है। इस दौरान सीओ अमित चौरसिया के अलावा निर्माण कंपनी अडानी ग्रुप के अधिकारी मौजूद रहे।
-
दो से तीन मई के बीच विमान उतरने की संभावना
एसडीएम ने बताया कि वायु सेना आगामी दो से तीन मई के बीच एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी पर विमान की लैंडिंग कराने की तैयारी कर रही है। बताया कि लैंडिंग का कार्य रात और दिन दोनों समय में किया जाएगा। टेस्टिंग के अलग-अलग चरणों के तहत विमान को हवाई पट्टी से स्पर्श कराया जाएगा और उस पर दौड़ाया भी जाएगा। इस दौरान विमान में ईंधन स्तर आदि का कार्य भी जांचा जाएगा। इसको लेकर वायु सेना के अधिकारियों की टीम हवाई पट्टी पर 24 घंटे मौजूदगी रहेगी।