शाहजहांपुर। मानसिक रूप से परेशान कांग्रेस नेत्री के बेटा ने गर्रा पुल से नदी में छलांग लगा दी। नदी में बहाव की जगह किनारे गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला अंटा निवासी 31 वर्षीय आशीष सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज में संविदा पर नौकरी करता है। शुक्रवार सुबह आशीष राजकीय मेडिकल कॉलेज गया। करीब दस बजे वह किसी काम से वापस गर्रा पुल की तरफ जा रहा था। तभी उसने पुल से नदी में छलांग लगा दी। आशीष नदी के गहरे पानी में गिरने के बजाए उस जगह पर गिरा, जहां पर पानी कम था। इससे उसको काफी चोट आ गई।
उसको कूदते हुए मौके पर कुछ लोगों ने देख लिया। स्थानीय लोगों ने उसको नदी से बाहर निकालकर पास में स्थित राजघाट चौकी पर सूचना दी। सूचना पर सिपाही सुधांशु ने घायल युवक को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया और उसके परिवार को सूचना दी। आशीष की मां सुनीता सिंह कांग्रेस में महिला जिलाध्यक्ष हैं। उन्होंने बताया कि आशीष कई दिन से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।