शाहजहांपुर। मिर्जापुर कस्बे में शुक्रवार की रात बड़े भाई के साथ रह रहे एक 19 वर्षीय युवक ने छत के कुंडे में फंदे से लटककर जान दे दी। वह मोबाइल की दुकान करता था। आत्महत्या का कारण पता नहीं चल सका है।
स्व. राकेश गुप्ता के अविवाहित पुत्र अंकित गुप्ता और अमन गुप्ता उर्फ अन्नू की मिर्जापुर मुख्य चौराहे पर अपडेट मोबाइल के नाम से दुकान है। दोनों भाई दुकान के पीछे बने आवास में रहते थे। बड़े भाई अंकित ने बताया कि शुक्रवार की रात अमन नीचे कमरे में और वह दूसरी मंजिल पर बने कमरे में सोने चला गया। सुबह अमन के सोकर न उठने पर वह उसके कमरे में गया तो उसका शव चादर के फंदे से लटका देखा। अंकित अमन के आत्महत्या करने का कारण नहीं बता पा रहा है।
उनके माता-पिता की काफी पहले मृत्यु हो चुकी है। पांच भाइयों नितिन, सचिन, निखिल व अंकित के बाद अमन सबसे छोटा था। उसकी दादी पूर्व प्रधानाध्यापिका कमला देवी मझले पौत्र निखिल के साथ अपने छोटे पुत्र फ्लेक्स हॉस्पिटल नोएडा के डायरेक्टर डॉ. धर्मेंद्र कुमार गुप्ता के पास रह रहीं हैं। दो भाई नितिन व सचिन शाहजहांपुर में रहते हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी मानबहादुर ने बताया कि आत्महत्या का कारण पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।