शाहजहांपुर। विकास भवन सभागार में शनिवार को डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में धान खरीद की तैयारियों की समीक्षा हुई। डीएम ने केंद्र प्रभारियों को किसानों से पारदर्शी तरीके से धान खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाने वाले क्रय केंद्र प्रभारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। एंटी करप्शन टीम भी निगरानी करेगी।
डीएम ने निर्देश दिए कि सभी केंद्र प्रभारी सुबह नौ से 10 बजे के बीच ई-पॉश मशीन से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराएं। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राकेश मोहन पांडेय ने धान खरीद नीति 2026-27 के प्रावधानों की जानकारी दी। एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र ने कहा कि पहली बार अनुपस्थित मिलने पर चेतावनी, दूसरी बार नोटिस और तीसरी बार अनुपस्थित मिलने पर निलंबन की कार्रवाई होगी। बैठक में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता गणेश गुप्ता समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। संवाद