खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने लिया सरसों के तेल का नमूना
खाद्य तेल की पैकेजिंग में गड़बड़ी की आशंका को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे जेल रोड पर छाया कुआं के पास स्थित तेल गोदाम पर छापा मारा। अफसरों ने गोदाम के टैंक से सरसों के तेल का नमूना लेने के साथ ही वहां पाया गया खाद्य तेल का सारा स्टॉक अगली कार्रवाई होने तक के लिए सीज कर दिया।
पिछले दिनों डीएम समेत अन्य अधिकारियों से शिकायत की गई थी कि छाया कुआं के पास बिसरात रोड पर एक व्यक्ति ने खाली प्लॉट में खाद्य तेल का गोदाम बना रखा है। अफसरों को यह भी बताया गया कि तेल गोदाम में देर रात आने वाले टैंकरों से तेल अनलोड करके उसे मिलावट करने के बाद अलग-अलग ब्रांड नेम से पैक किया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दोपहर को तेल गोदाम पर छापा मारा तो वहां कुछ लोगों को टैंक से तेल निकालकर उसकी पैकेजिंग की तैयारी करते पाया।
वहां मौजूद मिले शहर के मोहल्ला गौहरपुरा निवासी अमित गुप्ता पुत्र अरुण गुप्ता ने बताया कि तेल गोदाम वही संचालित कर रहे हैं और तेल की पैकेजिंग का उन्होंने विभाग से जारी लाइसेंस भी दिखाया। जांच करने पर अधिकारियों ने पाया कि गोदाम के टैंक मेें करीब 13000 रुपये मूल्य का करीब 160 लीटर सरसों का तेल भरा है और उसकी पैकेजिंग त्रिशूल, डबल ईगल आदि ब्रांड नेम से करके उसे बाजार में दुकानों पर सप्लाई किया जा रहा है। हालांकि, मौके पर पैक्ड मस्टर्ड ऑयल नहीं मिला, लेकिन उसकी गुणवत्ता जांचने के लिए अधिकारियों ने टैंक से तेल का नमूना लेने के साथ ही टैंक सीज कर दिया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डीपी सिंह ने बताया कि गोदाम में तेल की पैकिंग के लिए रैपर लगे खाली डिब्बे पाए। इसलिए पैकेजिंग को अभी कार्रवाई का आधार नहीं बनाया गया है। वहां से लिए गए नमूूने की राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला जांच में कोई कमी पाए जाने पर सारा स्टॉक जब्त कर आगे की कार्रवाई होगी। छापा डालने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी युगुल किशोर, जयपाल सिंह, महेश कुमार, सुपरवाइजर एसके अवस्थी आदि शामिल रहे।