शाहजहांपुर। परिवार को नियाेजित करने में नसबंदी कार्यक्रमों की स्थिति बेहतर नहीं है। प्रचार-प्रसार के अभाव में लक्ष्य पूर्ण होता नजर नहीं आ रहा है। इस वर्ष पुरुष नसबंदी में 55 का लक्ष्य था। इसमें अभी 30 लोगों ने ही नसबंदी कराई है। महिला नसबंदी के आंकड़े भी बेहतर नहीं हैं। 4095 के सापेक्ष मात्र 1684 महिलाओं की नसबंदी हो पाई है।
प्रचार-प्रसार और नसबंदी को लेकर फैले तमाम तरह के भ्रम के चलते योजना की गति नहीं बढ़ पा रही है। ऑपरेशन के लिए महिलाएं तो तैयार भी हो जाती हैं, मगर पुरुष तैयार नहीं होते। इसके चलते लक्ष्य पूर्ण नहीं हो पाता है। नोडल अधिकारी डॉ. मोहम्मद आसिफ ने बताया कि नसबंदी अभियान के लक्ष्य को पूर्ण कर लेंगे। प्रत्येक शिविर में 25 से 30 ऑपरेशन हो रहे हैं।
अभियान में मात्र चार पुरुष नसबंदी
-21 नवंबर से चार दिसंबर तक चले नसबंदी अभियान में बेहतर प्रगति नहीं देखने को मिली। इसमें मात्र चार पुरुष नसबंदी की गई। जबकि 224 महिलाएं नसबंदी कराने को आईं थीं। अभियान के प्रचार-प्रसार को कोई विशेष तरजीह नहीं गई है।