शाहजहांपुर। ओलंपिक में भारत को अभी एक ही पदक मिला है लेकिन खेल प्रशंसकों की उम्मीदें आसमान छू रही हैं। महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सभी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। खासतौर पर महिलाओं को उम्मीद है कि आने वाले समय में यह प्रदर्शन देश की प्रतिभाशाली महिला युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का काम करेगा।
-
ओलंपिक में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। उम्मीद है कि अभी और पदक भारत की झोली में आएंगे। महिला खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई की पात्र हैं। उन्होंने देश की प्रतिष्ठा में इजाफा किया है।
-मीरा सेठ
-
जिस तरह का प्रदर्शन महिला खिलाड़ियों ने किया है, उससे साबित होता है कि बेटियां किसी से कमतर नहीं हैं। अगर मौका और संसाधन मिले तो कामयाबी का आसमान छुआ जा सकता है। सभी खिलाड़ियों से उम्मीद है कि वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।
-डॉ. नमिता सिंह
-
ओलंपिक में पदक जीतना साधारण बात नहीं होती। हमारे खिलाड़ी पूरा जोर लगा रहे हैं। महिला खिलाड़ियों का जज्बा तो काबिल-ए-तारीफ रहा है। साधारण परिवेश से निकलकर विश्व के सामने अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बधाई। पदक की उम्मीदें जिंदा हैं।
-शुभा शर्मा
-
ओलंपिक में अभी और पदक मिलने की आशा है। अब तक का प्रदर्शन बहुत बेहतर नहीं रहा मगर खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। खेल में यही सबसे जरूरी है। महिलाओं को खेल में बेहतर संसाधन मुहैया कराए जाएं ताकि भविष्य में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
-तृप्ति सक्सेना