ओसीएफ मैदान में चल रहे आयुध एवं आयुध उपस्कर नार्थ जोन वॉलीबाल टूर्नामेंट में मेजबान ओसीएफ फिर अजेय साबित हुआ। उसने रोमांचक फाइनल मुकाबले में एसएएफ कानपुर को कड़े संघर्ष में पराजित कर ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाया।
हाड़ कंपाऊ ठंड में दोनों ही टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर माहौल में गर्मी ला दी। हालांकि पहले दो सेट शाहजहांपुर की टीम ने 25-17 और 25-10 से अपने नाम कर जीत की राह आसान बना ली थी, लेकिन तीसरे सेट में कानपुर की टीम ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए शाहजहांपुर को 25-22 से पराजित कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया। चौथा सेट और भी संघर्षपूर्ण रहा। एक-एक प्वाइंट के लिए दोनों टीमों को जूझना पड़ा। एक बार को जब स्थिति 25-25 की बराबरी पर पहुंची तो लगा कि पांचवां सेट भी खेला जाएगा, लेकिन ऐसे समय में मेजबान टीम ने बड़े धैर्य से दो प्वाइंट अर्जित कर जीत अपने नाम कर ली। यह मुकाबला ओसीएफएस ने 27-25 से जीत कर एक बार फिर श्रेष्ठता साबित की।
विजेता टीम की ओर से अवधेश सचान, सुधीर सिंह, सुरेश तिवारी तथा उप विजेता टीम की ओर से रवींद्र सिंह और विवेक भूषण मिश्र का खेल सर्वाधिक सराहा गया। अवधेश सचान को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। समापन पर मुख्य अतिथि दीप शिखा महिला कल्याण समिति की अध्यक्ष आशा रानी शर्मा ने लक्ष्मी सत्यनारायण और श्रीमती बरनवाल के साथ विजेता और उप विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ अन्य पुरस्कार प्रदान किए।
इसी कड़ी में विशिष्ट अतिथि ओसीएफ महाप्रबंधक चंद्र भूषण शर्मा ने रेफरी तथा टूर्नामेंट के सहयोगियों को पुरस्कृत किया। कार्य प्रबंधक सौरभ सिंह के संचालन में हुए समापन समापन समारोह में खेल अधिकारी टीके साहा ने आभार जताया। इस मौके पर अपर महाप्रबंधक के सत्यनारायण, सुकुमार रथ, शिव कुमार, डी कुहन, मुख्य चिकित्साधिकारी एके बर्मन, वरिष्ठ खिलाड़ी कैप्टन एलडी शुक्ला, सीपी यादव, गोविंद वाजपेयी, ज्ञानेंद्र मोहन ज्ञान समेत बड़ी संख्या में अन्य अधिकारी, कर्मचारी, फैक्ट्री यूनियनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।