शाहजहांपुर में बोलते मुख्यमंत्री।
सपा-कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में बरेली मोड़, मीरानपुर कटरा और निगोही (तिलहर विधानसभा क्षेत्र) में आयोजित जनसभाओं में शुक्रवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर ज्यादा आक्रामक रहे। कहा, सपा-कांग्रेस के गठबंधन से भाजपा की हवा निकल गई है। सपा का आंधी-तूफान चल रहा है। भाजपा वाले बातों में आगे हैं जबकि समाजवादी काम में। बीजेपी वाले इसे दो कुनबों का गठबंधन बताते हैं लेकिन यह दो नौजवानों का गठबंधन है, जो देश में परिवर्तन लाएगा। नए तरीके से समाज को जोड़ने वाला और सभी को एक साथ लाने वाला है यह गठबंधन। नौजवान सिर्फ समाजवादियों की सभा में दिखते हैं। बसपा को आड़े हाथों लेते हुए अखिलेश ने कहा कि पत्थर वाली पार्टी अब विकास की बातें कर रही है। लखनऊ में नौ साल से बड़े पत्थरों वाले हाथी लगे हैं, जो बैठे हैं वो खड़े नहीं हुए और जो खड़े हैं वह बैठ नहीं रहे। पिछले लोकसभा चुनाव में बसपा ने अपना सारा वोट भाजपा को दे दिया और खुद शून्य पर पहुंच गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी का चुनाव देश की राजनीति में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाला सिद्ध होगा। सब जानते हैं कि जब समाजवादी उत्साह और जोश में होते हैं तो कई बार हैंडल छोड़कर तेजी से पैडल मारकर साइकिल भगाते हैं। इस बार हाथ भी साथ है तो सोचें कि रफ्तार कितनी होगी। बोले कि अच्छे दिन दिखाने वालों ने जनता को लाइन में लगा दिया।
बरेली मोड़ की सभा में शहर के प्रत्याशी तनवीर खां और जलालाबाद के प्रत्याशी शरदवीर को नौजवान बताते हुए जिताने को कहा। ददरौल से प्रत्याशी राममूर्ति सिंह वर्मा को जमीनी नेता बताया। मंच पर पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, अशफाकउल्ला खां, तसनीम अली खां, एमएलसी संजय मिश्र, उम्मेद सिंह कश्यप, व्यापारी नेता बनवारी लाल कंछल, डीसीबी के चेयरमैन प्रदीप पांडेय, प्रो. सैयद मोहम्मद नोमान, गायत्री वर्मा, पूर्व विधायक दल सिंह यादव, कुसुमलता यादव, वेदप्रकाश गुप्ता आदि मौजूद थे। संचालन सपा के जिला महासचिव रणंजय सिंह यादव ने किया। मीरानपुर कटरा में रामलीला मैदान पर हुई सभा में मुख्यमंत्री ने अपने प्रत्याशी राजेश यादव को जिताने की अपील की। वहां मंच पर पूर्व मंत्री कोविद कुमार सिंह, बसपा छोड़कर सपा में शामिल हुए व्यापारी मोहित गुप्ता, एमएलसी अमित यादव, सैयद रिजवान अहमद, ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र गुप्ता, सगीर खान, राजेश कश्यप, डॉ. भरत पटेल, पंकज वर्मा सर्राफ, रोहित सिंह, कुमुद गंगवार, आरिफ हुसैन, मिर्जा मुतहर बेग आदि मौजूद थे। निगोही की सभा में विनोद अवस्थी, विधायक शकुंतला देवी, पूर्व सांसद मिथलेश कुमार, उम्मेद सिंह कश्यप, अनवर अली, विनय शर्मा, अब्दुल कादिर खां, उपेंद्रपाल सिंह आदि मौजूद थे।