शाहजहांपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र में मामूली बात पर 16 साल के किशोर ने आत्महत्या कर ली। उसका शव पेड़ पर लटका मिला। बताया गया कि किशोर ने अपनी मां से रुपये मांगे थे। मां ने इन्कार कर दिया था।
शाहजहांपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र में खर्च के लिए रुपये न मिलने से नाराज बानगांव निवासी विद्याराम के 16 वर्षीय पुत्र अजीत ने आत्महत्या कर ली। उसका शव फंदे से लटका मिला। उसकी मौत से परिवार में मातम छा गया। किशोर के कदम से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं।
विज्ञापन
दो भाइयों में बड़े अजीत ने मंगलवार को दोपहर एक बजे अपनी मां छोटी बिटिया से खर्च के लिए सौ रुपये मांगे थे। उस समय रुपये नहीं होने पर उन्होंने इन्कार कर दिया। इससे नाराज होकर अजीत घर से निकल गया। मकान से कुछ दूरी पर आम के पेड़ पर शर्ट का फंदा गले में डालने के बाद वह लटक गया।
काफी देर तक घर नहीं आने से परिजन ने तलाश शुरू की। शाम चार बजे आम के पेड़ में शव लटका मिला। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।