तिलहर। मारिया धाम श्मशान घाट के पास शुक्रवार को भैंस चरा रहे आंबेडकर गौंटिया मौजमपुर निवासी नेकपाल को रंजिशन पीटने और गोली मारकर घायल कर देने के आरोप में पुलिस ने शनिवार को गांव के छह लोगों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस दो लोगो को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है।
नेकपाल के अर्जुन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके पिता से गांव के रामगोपाल, कृष्ण गोपाल, शिव गोपाल, रमन पाल, अवधेश और राममिलन उर्फ रामबरन ने रंजिशन गाली-गलौज की। इसका विरोध करने पर उन्हें पीटा और जान से मारने की नीयत से गोली मार दी। हालत गंभीर होने पर उन्हें सीएचसी से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सीओ इशिका सिंह ने बताया कि छह लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। संवाद