शाहजहांपुर। मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए शुरू किए गए मतदाता प्रगाढ़ अभियान (एसआईआर) के तहत 23 लाख 15 हजार पांच सौ फॉर्म का वितरण कर दिया गया है। एसआईआर सर्वे को लेकर दिए फॉर्म के कॉलम अधिकतर लोगों की समझ में नहीं आ रहे हैं। ऐसे में लोग बीएलओ, पार्षदों आदि से फॉर्म भरवा रहे हैं। हालांकि लोगों में एसआईआर को लेकर उत्साह है।
एसआईआर सर्वे को लेकर बीएलओ के माध्यम से लोगों के फॉर्म बांटे गए हैं। बहुत से लोगों को फॉर्म का फार्मेट ही समझ नहीं आ रहा। बीएलओ के साथ ही पार्षदों, नेताओं व जानकार लोगों से फाॅर्म भरवा रहे हैं। फॉर्म के साथ कौन सा दस्तावेज जमा होगा, यह भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।
एडीएम रजनीश मिश्रा ने बताया कि ढाई लाख फॉर्म बीएलओ पोर्टल एप पर फीड किए जा चुके हैं। काम तेजी से चल रहा है। 30 नवंबर तक सभी फॉर्म जमा कर लिए जाएंगे।
बीएलओ पर कार्रवाई के निर्देश
डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को समीक्षा के दौरान बीएलओ के कार्य नहीं करने पर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। समीक्षा में पाया कि बूथ संख्या 388 के बीएलओ अमेंद्र मोहन व बूथ संख्या 389 के अनुपम वर्मा ने गणना प्रपत्र मतदाताओं को नहीं बांटे। प्रपत्रों का अपेक्षित डिजिटाइलेशन भी नहीं किया। नायब तहसीलदार निशि सिंह ने सुपरवाइजर लेखपाल अनूप वर्मा के साथ जाकर जांच की। इसमें कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए नगर मजिस्ट्रेट ने शिक्षामित्र के खिलाफ कठोर कार्रवाई व सेवा समाप्ति के लिए निर्देशित किया है।
बीएलओ से बुक करें कॉल, हेल्पडेस्क भी बनेगी
मतदाताओं की सुविधा के लिए बुक अ काॅल विद बीएलओ सुविधा शुरू की गई है। मतदाता पोर्टल से अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। बीएलओ को 48 घंटे के भीतर मतदाता को कॉल करनी होगी। जिले में अब तक छह विधानसभा क्षेत्रों से 781 शिकायतें प्राप्त हुईं हैं। इनमें से 696 लोगों से बीएलओ संपर्क साधकर उनकी दुविधा को दूर कर चुके हैं। एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के संबंध में नगर निगम कार्यालय के अलावा सभी नगर पालिका परिषद कार्यालयों, नगर पंचायत कार्यालयों तथा विकास खंड कार्यालयों में भी हेल्पडेस्क बनाई जाएगी। हेल्पडेस्क पर अनुभवी और जानकार कर्मचारी की नियुक्ति होगी। जो मतदाताओं को प्रपत्र भरने में सहायता प्रदान करेंगे।
दिक्कत पर यहां करें संपर्क
मतदाता फार्म भरने में दिक्कत आने पर अपने बीएलओ से संपर्क करें। सात-आठ बीएलओ पर एक लेखपाल को सुपरवाइजर नियुक्त किया गया है। बीएलओ स्तर पर समस्या का हल न निकलने पर लेखपाल से संपर्क करें। फिर भी अगर हल नहीं निकलता तो एसडीएम से संपर्क किया जा सकता है।
एसआईआर सर्वे से फर्जी वोट हटाए जाएंगे
कांट। भाजपा की बैठक मंडल अध्यक्ष सत्यपाल सिंह की अध्यक्षता में इंदेपुर में हुई। विधानसभा क्षेत्र प्रभारी पवन शर्मा ने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर वोटों का सत्यापन कर रहे हैं। इनमें मृतक एवं फर्जी वोटों को हटाया जाएगा। उन वोटों को भी चिह्नित किया जाएगा, जो कई जगह पर बनवाए हुए हैं। वरिष्ठ नेता संतोष दीक्षित, आशीष शुक्ला, रजनीश कश्यप, विकास पाठक, विशाल सक्सेना आदि मौजूद रहे। संवाद
-
अगर किसी मतदाता को कोई दिक्कत आ रही है तो वह संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सकता है। निर्वाचन विभाग की वेबसाइट की मदद भी ले सकता है।
- धर्मेंद्र प्रताप सिंह, डीएम