पुवायां। पुवायां-खुटार रोड पर भैंसी नदी के जर्जर पुल पर भारी वाहनों के निकलने पर रोक लगाने के बाद वाहन साइड से निकाले जा रहे थे। साइड में रेतीली मिट्टी होने के कारण वाहनों का निकलना मुश्किल हुआ तो भारी वाहन भी जर्जर पुल के ऊपर से गुजरने लगे। अमर उजाला ने खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद पत्थर पहुंचना शुरू हो गया था। शनिवार को पत्थर डालकर साइड से रोड बनाने का काम शुरू कर दिया गया है।
गौरतलब है कि शाहजहांपुर-पलिया हाईवे पर पुवायां खुटार के बीच भैंसी नदी का पुल बेहद जर्जर है। लकड़ी के पटलों से बने पुल पर लकड़ी के कई पटले टूट गए हैं। पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने पुल का निरीक्षण कर एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद लगभग दो माह से पुल पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया था। छोटे वाहन पुल के ऊपर से और भारी वाहन पुल के पास कच्चे रास्ते से निकल रहे थे। कच्चा रास्ता बेहद खराब होने पर भारी वाहन भी पुल के ऊपर से निकलने लगे थे। रोडवजे बसें भी पुल से निकल रही थीं। ऐसे में यात्रियों की जान को बड़ा खतरा हो गया था।
अमर उजाला ने जर्जर पुल के ऊपर से भारी वाहनों और बसों के निकलने की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद कच्चे रास्ते को सही करने के लिए पत्थर आना शुरू हो गया। शनिवार से कच्चे रास्ते को बनाने के लिए पत्थर डाले जाने का काम शुरू हो गया। इससे कच्चे रास्ते पर सड़क जल्द ही बन जाने की उम्मीद है। इससे वाहन साइड से निकलते रहेंगे।