शाहजहांपुर। नगर निगम की ओर से पिछले दिनों अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था। इस दौरान नालों के ऊपर और आगे सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। कुछ दिनों तक यह प्रक्रिया चली, जिसका विरोध शुरू हो गया। इसके बाद सबकुछ शांत हो गया है। अभियान बंद होने के बाद फिर से सड़क पर अतिक्रमणकारियों ने कब्जा करना शुरू कर दिया है। इससे जाम की समस्या बनने लगी है।
11:21 बजे : सिंजई में सड़क पर खड़ी होने लगीं बाइक
मोहल्ला सिंजई में एक हॉस्पिटल के बाहर सड़क पर मोटर साइकिले खड़ी थी। उसके आगे सीवर लाइन डालने के सड़क को खोदकर छोड़ दिया गया था। उसके चारों ओर टीन की चादर लगी हुई हैं। जिसकी वजह से आधी से ज्यादा सड़क घिरी होने पर जाम लग गया। करीब 15 मिनट तक जाम की समस्या बनी रही। आसपास ठेले वाले भी खड़े थे।
11:33 बजे: अंजान चौकी में फूल विक्रेताओं ने घेरा रास्ता
अंजान चौकी से घंटाघर को जाने वाले मार्ग पर फूल विक्रेताओं की दुकानें हैं। अतिक्रमण अभियान के दौरान इन दुकानदारों को दुकान के अंदर ही फूल आदि रखकर कारोबार करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन बृहस्पतिवार को दुकान के बाहर सड़क पर मेज डालकर फूल व अन्य सजावट का सामान रखा मिला। उसके आगे वाहन खड़े थे।
11:40 बजे: मशीनरी मार्केट में नाली पर दुकान का सामान
मशीनरी मार्केट में मोटर, पाइप, जनरेटर आदि की दुकानें स्थित हैं। दुकानदारों द्वारा अपनी दुकान का सामान नाली के ऊपर जाल डालकर और सड़क पर रखे मिले। सड़क पर रखे सामान के आगे ही दुकानदारों और ग्राहकों की मोटर साइकिले भी खड़ी थी। जिससे यहां पर जाम की समस्या बनी रही, पर दुकानदारों ने ध्यान नहीं दिया।
11:55 बजे: मोहम्मद अली मार्केट में सड़क पर ठेले
मशीनरी मार्केट से आगे बढ़ने पर मोहम्मद अली मार्केट (बड़ी सब्जी मंडी) स्थित है। मंडी के मुख्य गेट के दोनों ओर ठेले वालों ने अतिक्रमण कर रखा है। जोकि कपड़े, सब्जी आदि को बेचने का काम करते मिले। इसके लिए सड़क पर ही ठेले खड़े कर लिए गए, जबकि इन सबको अतिक्रमण अभियान के दौरान हटवाया गया था।
शहर में अतिक्रमण की समस्या का निदान करने के लिए समय-समय पर अभियान चलाया जाता है। पिछले दिनों नाली व सड़क के ऊपर से अतिक्रमण को हटवाया गया था। साथ ही दोबारा अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। अगर किसी ने फिर से अतिक्रमण किया है तो कार्रवाई अमल में लाएंगे। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। - अंगद गुप्ता, सहायक नगर आयुक्त
मशीनरी मार्केट में दुकान के आगे रखा सामान व खड़ी मोटरसाइकिलें- फोटो : SHAHJAHANPUR