शाहजहांपुर। तिलहर में तीन मैचों की क्रिकेट सीरीज के पहले मुकाबले में शाहजहांपुर किंग ने रेनेसां क्रिकेट अकादमी को दो विकेट से हरा दिया। विजेता टीम के बल्लेबाजों व गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।
रेनेसां क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 25 ओवर में सभी विकेट खोकर 160 रन बनाए। अर्जुन ने 31 और अंश ने 24 रनों का योगदान दिया। शाहजहांपुर किंग की ओर से अमोल यादव ने तीन विकेट लिए। सौरभ और आदी को दो-दो, जबकि यश यादव को एक विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी शाहजहांपुर किंग की टीम ने आठ विकेट खोकर अंतिम ओवर में 161 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। भव्य ने 48 और आहद ने 24 रन बनाए। रेनेसां क्रिकेट अकादमी की ओर से सुंदरम और अख्तर ने दो-दो विकेट लिए। शानदार गेंदबाजी के लिए शाहजहांपुर किंग के अमोल यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।