शाहजहांपुर में शनिवार रात खुटार कस्बे के नजदीक श्रद्धालुओं से भरी बस को टक्कर मारकर 12 लोगों की जान लेने वाले डंपर चालक भीमसेन को पुलिस ने पकड़ लिया। हादसे के बाद वह रिश्तेदारी में छुपा हुआ था। भीमसेन ने भी झपकी आने से हादसा होने की बात कही, यह आशंका पहले से ही जताई जा रही थी।
सीओ पंकज पंत ने बताया कि पीलीभीत के जहानाबाद के मोहल्ला जोशी निवासी भीमसेन को सोमवार शाम पकड़ा गया। पूछताछ में भीमसेन ने बताया कि वह बजरी भरा डंपर लेकर खुटार से गोला के लिए निकला था। झपकी आने से हादसा हो गया। उसने बताया कि जब डंपर का पहिया हाईवे से नीचे उतरा तो झटका लगने पर उसकी आंख खुली। उसने ब्रेक लगाकर डंपर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक डंपर बस और आसपास खड़े लोगों पर चढ़ चुका था।
काफी देर तक खेतों में छिपा रहा
उसने बताया कि ब्रेक लगाने से संतुलन बिगड़ा और डंपर बस के ऊपर ही पलट गया तो वह किसी तरह खिड़की खोलकर कूदा और भाग निकला। काफी देर तक वह कुछ दूर खेतों में छिपा रहा। राहत कार्य समाप्त होने पर सन्नाटा हुआ तो वह खेतों के रास्ते तिकुनिया चौराहे पहुंचा और वहां से रिश्तेदारों के यहां गया। किसी रिश्तेदार ने उसे रुकने नहीं दिया। सीओ के मुताबिक सोमवार को भीमसेन खुटार से कहीं जाने की फिराक में था, तभी थाना प्रभारी संजय कुमार ने पकड़ लिया।