बंडा (शाहजहांपुर)। बरेली के तीन सगे भाई छात्रों ने पिता के साथ शहीद सारज सिंह के घर पहुंचकर अपनी पॉकेट मनी शहीद के परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में सौंपी। बरेली के मोहल्ला जसोली निवासी मोहम्मद खालिद के तीन पुत्र हैं। शजरूल इसलाम (19) जामिया मिल्लिया इस्लामिया नई दिल्ली के छात्र हैं। उनसे छोटे मोहम्मद जैद (17) हार्ट मैन इंटर कॉलेज इज्जतनगर में इंटर में और मोहम्मद मिकदाम कक्षा नौ के छात्र हैं।
शनिवार को तीनों भाइयों ने अपने पिता के साथ शहीद सारज सिंह के घर अखत्यारपुर धौकल पहुंचे और शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद तीनों भाइयों ने पॉकेट मनी के रूप में मिली राशि शहीद सारज सिंह की पत्नी को सौंपी। मोहम्मद शजरूल ने बताया कि जब वह 14 वर्ष के थे, तभी से घर से मिली पॉकेट मनी जरूरतमंदों की सेवा में खर्च करते आ रहे हैं। फिर विचार आया कि जो देश की सेवा करते शहीद हो जाते हैं, उनके घर जाकर परिवार के दर्शन करने जाया करूंगा और पॉकेट मनी को शहीद के परिवार को सौंपूंगा।
फिर भाई भी उनका साथ देने लगे। पिता ने भी उन लोगों का साथ दिया। जमा की गई राशि को वह लोग गिनते नहीं हैं और जमा राशि परिवार के लोगों को सौंप देते हैं। अभी तक इटावा के शहीद सुदेश कुमार, संभल के नितिन कुमार और जोधपुर, गोरखपुर, आजमगढ़, अल्मोड़ा में जाकर शहीद जवानों के परिवार वालों को पॉकेट मनी सौंप चुके हैं।
सांसद ने दी शहीद सारज सिंह को श्रद्धांजलि, परिजन को दी सांत्वना
पुवायां। सांसद अरुण सागर ने रविवार को शहीद सारज सिंह के घर पहुंचकर परिवार के लोगों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि सारज की शहादत पर पूरे देश को गर्व है।
सांसद ने शहीद के पिता विचित्र सिंह, भाई सुखबीर सिंह और गुरप्रीत सिंह से बात की। सांसद ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और उनको श्रद्धांजलि दी। कहा कि देश की रक्षा में प्राणों की आहुति देने वाले सारज सिंह पर सभी को गर्व है। सारज सिंह का बलिदान देश कभी नहीं भुला सकेगा। उन्होंने कहा कि वह हमेशा सारज सिंह के परिवार की मदद में खड़े रहेंगे।
सांसद के साथ भाजपा के जिला उपाध्यक्ष डॉ. सुधीर गुप्ता, बंडा के ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश, अनिल कटियार, राममूर्ति राज सहित कई लोगों ने भी शहीद के परिवार को सांत्वना दी। संवाद