सरकारी आंकड़ों में एक महीने में सिर्फ पांच मरीज
पुवायां क्षेत्र में गत एक माह में बुखार और डेंगू से काफी लोगों की मौत हो चुकी है। सैकड़ों लोग प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती होकर इलाज करा रहे हैं। इसके उलट अगर सरकारी आंकड़ों पर गौर करें तो नजारा कुछ अलग ही देखने को मिल रहा है।
पुवायां सीएचसी के लैब टेक्नीशियन संजय कनौजिया के अनुसार 21 सितंबर से 20 अक्तूबर तक एक माह में डेंगू के 295 सैंपल लिए गए जिसमें से पहले पांच लोग पॉजिटिव निकले। इसी दौरान लगभग 14 सौ लोगों की मलेरिया जांच के लिए सैंपल लिया गया जिसमें सिर्फ एक रोगी मिला। टाइफाइड की 45 जांच में भी सिर्फ एक रोगी मिला।
पुवायां थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार राय ने बताया कि कई पुलिसकर्मी पहले भी बीमार हो चुके हैं जो अब ठीक होकर आ गए हैं। इस समय सात पुलिसकर्मी डेंगू की चपेट में हैं। सभी का इलाज चल रहा है।