रामलीला मेले में भिड़ीं महिला बाउंसर व युवती। स्रोत: वीडियो ग्रेब
शाहजहांपुर। ओसीएफ रामलीला मेले में महिला बाउंसरों और युवती के बीच मारपीट हो गई। दरोगा और सिपाही के सामने हुए विवाद के बाद बमुश्किल दोनों पक्षों को अलग किया गया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर डाला गया है, जो वायरल हो रहा है।
ओसीएफ रामलीला मेले में झूला संचालक ने टिकट जांचने व लोगों को लाइन में लगवाने के लिए महिला बाउंसरों को तैनात कर रखा है। रविवार को महिला बाउंसरों की युवती से कहासुनी हो गई। इस बीच दोनों पक्ष एक-दूसरे को धक्का देने लगे। तीन महिला बाउंसर युवती पर भारी पड़ने लगीं। विवाद होते देखकर वहां खड़े दरोगा ने उन्हें अलग किया। समझाने का प्रयास किया।
तब भी दोनों ओर से एक-दूसरे पर हाथ चला दिया गया। लोगों ने दोनों पक्षों को दूर किया। इसके बाद दोबारा आकर भिड़ गईं और हाथापाई करने लगीं। पुलिस कर्मियों ने दोनों पक्षों से नाराजगी जताई। अलग ले जाया गया। देर रात तक दोनों पक्षों के लोगों के बीच समझौते की बातचीत चलती रही। इंस्पेक्टर सदर बाजार अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि थाने में कोई तहरीर नहीं आई है। दोनों ने आपस में समझौता कर लिया है। संवाद न्यूज एजेंसी ऐसे किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।