फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी में स्कूल बंद: बारिश के कारण इस जिले में पहली से आठवीं तक के बच्चों की छुट्टी, प्रशासन ने जारी किया आदेश

Fri, 25 Sep 2026 07:39 PM IST
विकास कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहांपुर

सार

लगातार बारिश को देखते हुए बीएसए जयशंकर श्रीवास्तव ने कक्षा एक से आठ तक के सभी बोर्डों के विद्यालयों में शनिवार का अवकाश घोषित किया है। शनिवार के बाद रविवार है तो ऐसे में अब स्कूल सोमवार को खुलेंगे।
विज्ञापन
बारिश के चलते शनिवार को बंद रहेंगे स्कूल। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

यूपी के शाहजहांपुर में शुक्रवार को दिनभर बारिश होती रही। शनिवार को भी बारिश होने की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश को देखते हुए बीएसए जयशंकर श्रीवास्तव ने कक्षा एक से आठ तक के सभी बोर्डों के विद्यालयों में शनिवार का अवकाश घोषित किया है। बीएसए ने बताया कि जिन विद्यालयों के भवन जर्जर घोषित हैं और उनके मूल्यांकन, ध्वस्तीकरण अथवा संबंधित प्रक्रिया की कार्रवाई चल रही है, वहीं विद्यालय विभागीय कार्रवाई के लिए खोले जाएंगे। अन्य विद्यालयों में शनिवार को अवकाश रहेगा।

विज्ञापन

 

बारिश से गिरा तापमान
शुक्रवार को सुबह से शाम तक बारिश से न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री घटकर 22.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। दिन भर बारिश होने और ठंडी पुरवाई चलने से अधिकतम तापमान 11 डिग्री घटकर 24 डिग्री सेल्सियस हो गया। शाम तक 46.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश और तेज हवा चलने के कारण धान की फसल खेतों पर बिछ गई। शनिवार को भी बारिश की संभावना है। 

लगातार बारिश से बिगड़ी शहर की सूरत
लगातार बारिश ने शुक्रवार को शहर की सड़कों की बदहाली सामने ला दी। पहले से खोदी गई और धंसी सड़कों पर पानी भरने से कई प्रमुख मार्ग कीचड़ और फिसलन में तब्दील हो गए। महिला थाने से रोडवेज बस अड्डे तक सड़क की हालत सबसे ज्यादा खराब रही। कहीं गड्ढों में पानी भर गया तो कहीं सड़क पर फैली मिट्टी कीचड़ में बदल गई। राहगीरों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। कई बाइक सवार फिसलकर गिर गए। लोगों ने जलभराव वाले स्थानों पर ईंटें डालकर किसी तरह रास्ता बनाया।

जलभराव से हुई परेशानी
शुक्रवार सुबह से शाम तक हुई बारिश के कारण महिला थाने से रोडवेज वर्कशॉप तक सड़क की एक साइड में खोदाई के बाद पड़ी मिट्टी पूरी तरह दलदल जैसी हो गई। मार्ग पर कई स्थानों पर पानी भर गया। पैदल राहगीरों को निकलने के लिए जगह-जगह ईंटों का सहारा लेना पड़ा। रेलवे की पार्किंग के सामने तो स्थिति और भी खराब रही। यहां जलभराव और फिसलन के कारण कई लोग गिर गए और उनके कपड़े कीचड़ से खराब हो गए।

सड़क ही नहीं मोहल्लों की गलियां भी जलमग्न
रोडवेज बस अड्डे के आगे बैरियर लगाकर रास्ता रोक दिया गया था। इसके आसपास गड्ढों में पानी भरने से लोगों के लिए निकलना मुश्किल रहा। रात में अंधेरा होने के कारण स्थिति और ज्यादा जोखिम भरी हो गई। पानी, कीचड़ और फिसलन के बीच लोगों को आवागमन करना पड़ा। लाल इमली चौराहा से निशात चौराहा तक भी पूर्व में हुई खोदाई बारिश के दौरान मुसीबत बन गई। पानी की निकासी नहीं होने से सड़क पर जलभराव रहा। मोहल्लों की गलियों में भी कीचड़ और पानी भरने से लोगों को घरों से निकलने में परेशानी हुई।

कई स्थानों पर जलभराव
बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति रही। रेलवे स्टेशन के सरकुलेटिंग एरिया में पानी भर गया। कवि तिराहा, लाल इमली चौराहा और घंटाघर मार्ग पर भी लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। कई गलियों में पानी भरने से पैदल चलने वालों को परेशानी हुई। 
विज्ञापन

नगर आयुक्त का बयान
जलभराव वाले स्थानों से पानी निकलवाया गया है। खोदाई और निर्माण कार्य के चलते थोड़ी दिक्कत आ रही है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जिन स्थानों पर समस्या आ रही है, वहां सुरक्षात्मक ढंग से कार्य कराया जाए ताकि लोगों को दिक्कत न आए। -सौम्या गुरुरानी, नगर आयुक्त
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें