लखीमपुर खीरी। त्योहारों पर खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने पर कारोबारी मिलावटखोरी शुरू कर देते हैं, जिसको रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम अशीष मौर्य के नेतृत्व में लखीमपुर, निघासन, पलिया, गोला आदि क्षेत्रों में छापा मार कार्रवाई की। लखीमपुर बाजार चार खोया, एक मूंग दाल मिठाई, एक दूध, एक सोनपापड़ी, गोला से एक मिल्क केक मिठाई, एक छेना, दो पेड़ा के सैंपल लिए गए। वहीं बरवर से पनीर, मोहम्मदी से पेड़ा मिठाई, एक बादाम रोल, एक पनीर, एक सुतफेनि का नमूना लिया गया।
निघासन। क्षेत्र में भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी नत्थू कुशवाहा ने बताया कि निघासन, दुबहा, रकेहटी और खरवाहिया नंबर दो सहित कई स्थानों पर छापा मारकर पेड़ा, पिस्ता बर्फी, छेना सहित पांच नमूने लिए। नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि बाजार में बिक रही मिठाइयां खाने लायक है या नहीं। लोगों से अपील की है कि मिठाई खरीदते समय सावधानी बरतें।
पलियाकलां। पलिया समेत चार जगहों से छह खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि पलिया में एक दुकान से पनीर, लौज, भीरा से भी दो होटलों से पनीर, खोया, नौगवां से छेना, बर्फी समेत छह नमूनेे जांच के लिए भरे गए हैं। पलिया में कई होटल स्वामी छापेमारी की सूचना पर दुकानें बंद कर गायब हो गए। छापेमारी अभियान खत्म होने के बाद दोबारा से उन्होंने दुकानें खोल दीं।