इन मुद्दों पर लगाई अधिकारियों की क्लास
प्रभारी मंत्री ने विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति में सुधार लाया जाए। किसानों की बाढ़ से प्रभावित हुई फसल के बीमा के 39 आवेदन लंबित होने पर प्रभारी मंत्री ने उप कृषि निदेशक को जल्द निस्तारण के लिए निर्देशित किया। मनरेगा कार्य में निर्माण के मैटेरियल का भुगतान लंबित होने पर डीसी मनरेगा को भुगतान की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। दिव्यांगजन पेंशन योजना अंतर्गत पेंशन लंबित होने पर नाराजगी व्यक्त की। जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में डाली गई पाइपलाइन के बाद सड़कों को ठीक न कराने पर भी प्रभारी मंत्री गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के लिए कहा। प्रभारी मंत्री ने राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए आयकर विभाग के अधिकारियों से कार्यों में सुधार लाने और टैक्स चोरी रोकने के निर्देश दिए।
किसानों का समय से किया जाए धान खरीद का भुगतान
प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने रोजा मंडी में सरकारी धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि किसानों को भुगतान निर्धारित समय से किया जाए। कहा कि 50 क्विंटल तक बिना सत्यापन के किसान अपना धान सरकारी क्रय केंद्रों पर तौल करा सकता है। डीएम ने बताया कि जनपद में 22000 किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें से 17000 किसानों का सत्यापन हो चुका है और 7000 किसान अपने धान की तौल करा चुके हैं। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान क्रय केंद्रों पर किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।