गांव जेबां निवासी निशांत पांडे
- फोटो : POWAYAN
पुवायां (शाहजहांपुर)। गांव जेबा निवासी निशांत पांडे का चयन टैगोर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में चयन भोपाल में होने से परिवार में खुशी का माहौल है। निशांत का चयन छात्रवृत्ति कैटेगरी में हुआ है।
गांव जेबा के राकेशचंद्र पांडे और कल्पना पांडे के पुत्र निशांत की प्रारंभिक शिक्षा गांव जेबां में हुई। वह स्कूली शिक्षा के समय से ही अभिनय में रुचि लेने लगे थे। निशांत ने हाईस्कूल से ग्रेजुएशन तक की शिक्षा हरदोई जनपद के माधौगंज से पूरी की। इस दौरान वह नाटकों में तमाम प्रकार के रोल भी करते रहे। निशांत के अनुसार अभिव्यक्ति नाट्य संस्थान से जुड़ने के बाद डॉयरेक्टर शमीम आजाद ने उन्हें नई दिशा दी और अभिनय की तमाम बारीकियां भी सिखाईं। अभिव्यक्ति के बैनर तले उन्होंने शाहजहांपुर, गुरुग्राम सहित कई शहरों में करीब 15 नाटकों में हिस्सा लिया।
निशांत का चयन 2013 में बिग मैजिक चैनल के रियलिटी शो बिग फेम स्टार में हुआ और उन्होंने तीन माह तक शूटिंग की। इसके बाद फिर शाहजहांपुर आकर नाट्य विधा में रम गए। अब उनका चयन भोपाल के टैगोर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में छात्रवृत्ति कैटेगरी में हुआ है। वह नाट्य विद्यालय में दो वर्ष तक अभिनय की बारीकियां सीखेंगे। निशांत के टैगोर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में चयन पर शमीम आजाद, रामसेवक पांडे, उपेंद्र पाल, गोपाल अग्निहोत्री, रिषभ चतुर्वेदी, रामसागर पांडे सहित तमाम लोगों ने हर्ष जताया है।