शाहजहांपुर। ईरान और इस्राइल-अमेरिका के बीच छिड़ी जंग का असर यहां भी दिख रहा है। व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति काफी कम होने से होटल-ढाबा कारोबार प्रभावित हो रहा है तो डीजल-पेट्रोल की आपूर्ति में कमी नहीं होने के बावजूद फ्यूल स्टेशनों पर भीड़ उमड़ रही है। इसके अलावा रसोई गैस के ऑनलाइन बुक कराने में सर्वर के सुस्त होने की समस्या आने से लोग एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं।
घरेलू गैस सिलिंडर पर 25 दिन के बाद बुकिंग कराने की समय सीमा तय कर दी गई है। युद्ध से पहले लोगों को आसानी से घरेलू और व्यावसायिक सिलिंडर उपलब्ध हो जाते थे। कनेक्शनधारक बुकिंग भी नहीं कराते थे। जब सरकार से 25 दिन की समय सीमा तय की तो लोग ऑनलाइन गैस सिलिंडर की बुकिंग का प्रयास करने लगे।
सर्वर में समस्या की वजह से ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है। ऐसे में लोगों की भीड़ एजेंसियों पर लग रही है। बुधवार को सर्वर डाउन होने की वजह से लोगों की गैस बुकिंग भी नहीं हो पा रही थी। यहां पर काफी लोग ऐसे दिखे कि जिनके घर पर रसोई गैस सिलिंडर बिल्कुल खत्म हो गए थे।
बता दें कि बुकिंग नहीं होने से कई लोगों के कनेक्शन लॉक हो गए हैं। केवाईसी कराने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। हालात ये हो रहे हैं कि लोग अपने नंबर को लेकर एक-दूसरे से बहस करने लगे हैं। एजेंसी संचालक लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति की कमी से परेशानी
व्यावसायिक सिलिंडरों की जगह घरेलू सिलिंडर की आपूर्ति पर सरकार ध्यान दे रही है। व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति बहुत कम कर दी गई है। इससे होटल, रेस्तरा, ढाबा, मिठाई दुकानदारों के सामने संकट की स्थिति आ गई है। अगर यही हाल एक-दो दिन तक रहा तो इनके बंद होने की स्थिति बन जाएगी।
मौजमपुर स्थित ढाबा संचालक सुमित गुप्ता ने बताया कि तीन-चार दिन से व्यावसायिक सिलिंडर बुकिंग कराने के बाद भी नहीं मिल पा रहे हैं। इसकी वजह से बुधवार को ढाबा बंद कर दिया। जब गैस की स्थिति सुचारु हो जाएगी तभी ढाबे का संचालन करेंगे। इसी तरह से बरेली मोड़ स्थित अधिकतर होटलों और ढाबों का यही हाल दिखा।
इंडक्शन चूल्हा, कोयले और लकड़ी की मांग बढ़ी
रसोई गैस सिलिंडर की किल्लत को देखते हुए लोग इंडक्शन चूल्हा, कोयले और लकड़ी की मांग करने लगे हैं। पिछले तीन चार दिनों में रसोई गैस की किल्लत की वजह से लोग इंडक्शन चूल्हा खरीदने लगे हैं। दो हजार रुपये की कीमत में बाजार में चूल्हा मिल रहा है। इसके साथ ही कोयले और लकड़ी की मांग भी बढ़ी है। लोगों का कहना है कि आने वाले दिनों में यही हाल रहा तो लोगों को मजबूरी में इंडक्शन चूल्हा, देसी चूल्हा और कोयले का इस्तेमाल शुरू करना पड़ेगा।
लोगों की बातचीत
व्यावसायिक सिलिंडर नहीं मिलने से धंधा ठप होने लगा है। सिलिंडर नहीं मिलने से संचालकों का होटल चलाना मुश्किल हो रहा है। यही हाल रहा तो संचालकों को होटल बंद करने पड़ेंगे।
- सिराज खान, अध्यक्ष होटल यूनियन
दो दिन से व्यावसायिक सिलिंडर नहीं मिल रहा है। होटल को चलाना मुश्किल हो गया है। आयोजनों की बुकिंग लेना बंद कर दी है। यही हालात रहे तो आगे होटल चलना मुश्किल हो जाएगा।
- सिद्धार्थ रस्तोगी, होटल संचालक
चार-पांच दिन पहले तक इंडक्शन चूल्हा बहुत कम बिक रहे थे। रसोई गैस की किल्लत होने पर लोगों ने चूल्हा खरीदना शुरू कर दिया है। इसको रसोई गैस के विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।
- विनायक पाठक, इंडक्शन चूल्हा विक्रेता
गर्मी के दिनों में कोयले की मांग बहुत कम हो जाती थी। दो दिन में कोयले की मांग बढ़ गई है। एक दिन में दो से तीन क्विंटल कोयले की बिक्री होने लगी है। यह रसोई गैस सिलिंडर की किल्लत का असर है।
- दुष्यंत पशरीचा, कोयला विक्रेता
महिलाओं के सामने बढ़ी मुसीबत
घरेलू रसोई गैस सिलिंडर की किल्लत होने से महिलाओं को परेशानी होने लगी है। बुकिंग का लोड बढ़ने से सर्वर डाउन हो गया है। ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है। एजेंसी पर भी कंप्यूटर काम नहीं कर रहे हैं। इसकी वजह से लोगों की भीड़ लगी हुई है।
पांच दिन पहले गैस सिलिंडर खत्म हो गया। सिलिंडर की बुकिंग के लिए एजेंसी के चक्कर लगा रहीं हूं। पांच दिन से मिट्टी के चूल्हे पर लकड़ी और कंडाें से खाना बना रहीं हूं।
- परमजीत कौर, रामनगर
मंगलवार को गैस सिलिंडर खत्म हो गया। रोजा चल रहे हैं। खाना बनाने के लिए अंगीठी का इस्तेमाल कर रहीं हूं। स्टोव है, लेकिन अब केरोसिन नहीं मिलता। इससे काफी दिक्कत हो रही है।
- खुशनाज, चमकनी
सोमवार को सिलिंडर खत्म हो गया। एक सिलिंडर गीजर में लगा रखा था। उसमें कुछ गैस बची है, उसी से काम चला रहे हैं, लेकिन एक-दो दिन में वह भी खत्म हो जाएगी। बुकिंग नहीं हो पा रही है।
- विद्यावती, झंडाकलां
घर पर सिलिंडर खत्म होने वाला है। तबीयत खराब होने के बाद भी एजेंसी के दो दिन से चक्कर लगा रहीं हूं, लेकिन बुकिंग नहीं हो पा रही है। एक-दो दिन में सिलिंडर नहीं मिला तो दिक्कत हो जाएगी।
- निर्मला तिवारी, हुंडालखेल
गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए तहसील स्तर पर टीमें गठित
जिले में गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने प्रत्येक तहसील में टीमों का गठन किया है। टीमों ने गैस एजेंसियों की भी निगरानी शुरू कर दी है।
डीएम ने धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार देर शाम गैस की किल्लत के मद्देनजर अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें निर्देश दिए कि प्रत्येक तहसील में टीम गैस एजेंसियों की निगरानी करती रहेंगी। बुधवार को डीएसओ चमन शर्मा, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी व बिक्री प्रबंधक इंडियन ऑयल कारपोरेशन लिमिटेड ने संयुक्त रूप से लोधीपुर स्थित पशुपतिनाथ भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड गैस एजेंसी, टाउनहॉल स्थित सतकरतार एजेंसी और मशीनरी मार्केट स्थित रोहित गैस एजेंसी का निरीक्षण किया। स्टॉक के मिलान में कोई कमी नहीं पाई गई। टीम ने मौके पर मिले लोगाें को बताया कि वर्तमान में गैस की कोई कमी नहीं है। किसी भी कनेक्शनधारक को सिलिंडर मिलने में कोई दिक्कत नहीं होगी। बताया गया कि ऑयल कंपनियों की ओर से पूर्व में प्रति वित्तीय वर्ष में 15 गैस सिलिंडर की बुकिंग कर सकते थे, जिसे उपभोक्ता वित्तीय वर्ष में कभी भी ले सकते थे। वर्तमान में गैस बुकिंग 25 दिवस के बाद होगी। घरेलू गैस की बुकिंग केवल उपभोक्ता के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से की जा रही है। ऑयल कंपनियों ने घरेलू गैस के वास्तविक उपभोक्ता को ही गैस डिलीवरी करने के उद्देश्य से बुकिंग के सापेक्ष गैस डिलीवरी डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) के माध्यम से ही करने की बाध्यता की है। उपभोक्ता केवाईसी कराकर नियम के अनुसार सिलिंडर ले सकते हैं।
-
जनपद में रसोई गैस का पर्याप्त भंडार है। निर्देश दिए गए हैं कि अवैध भंडारण और नियम के विरुद्ध गैस का विक्रय करने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। एजेंसियों की निगरानी की जा रही है।
-धर्मेंद्र प्रताप सिंह, डीएम
जनपद में रसोई गैस और फ्यूल का पर्याप्त भंडार है। लोगों को भयभीत होने की जरूरत नहीं है। नियम के अनुसार सभी को सिलिंडर उपलब्ध कराए जाए जा रहे हैं।
- चमन शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी
सिद्धार्थ रस्तोगी, होटल संचालक
सिद्धार्थ रस्तोगी, होटल संचालक
सिद्धार्थ रस्तोगी, होटल संचालक
सिद्धार्थ रस्तोगी, होटल संचालक
सिद्धार्थ रस्तोगी, होटल संचालक
सिद्धार्थ रस्तोगी, होटल संचालक
सिद्धार्थ रस्तोगी, होटल संचालक
सिद्धार्थ रस्तोगी, होटल संचालक
सिद्धार्थ रस्तोगी, होटल संचालक
सिद्धार्थ रस्तोगी, होटल संचालक