शाहजहांपुर। लखनऊ से सहारनपुर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन के बाद रविवार को ट्रेन नहीं आई। ट्रेन के संचालन के लिए रोस्टर जारी नहीं हुआ है। इसके चलते रिजर्वेशन नहीं हो सके। आरक्षण कराने आए लोगों को लौटना पड़ा।
पूर्व में जिले से गुजरने वाली वंदे भारत ट्रेन का ठहराव नहीं होता था। इस बीच लखनऊ से सहारनपुर जाने वाली ट्रेन का ठहराव यहां दिया गया। शनिवार को जनप्रतिनिधियों ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन को लेकर शहर में काफी उत्साह है। ट्रेन का उद्घाटन होने के बावजूद अभी ट्रेन के संचालन का रोस्टर जारी नहीं किया गया है। रविवार को ट्रेन भी नहीं आई। रेल अफसरों ने बताया कि ट्रेन का रोस्टर जारी होने के बाद ही संचालन शुरू होगा, साथ ही रिजर्वेशन भी शुरू होंगे।