बिलपुर और टिसुआ स्टेशनों के बीच रेलवे की बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण लगभग चार घंटे तक अपलाइन की इलेक्ट्रिक ट्रेनों का आवागमन ठप रहा। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तिलहर रेलवे स्टेशन मास्टर गिरीश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह लगभग सात बजे बिलपुर और टिसुआ स्टेशनों के बीच बिजली लाइन टूटने की सूचना मिलने के बाद तिलहर रेलवे स्टेशन पर फैजाबाद से सहारनपुर को जा रही 54232 अप ट्रेन 7.35 बजे रोक दी गई क्योंकि इस ट्रेन मे इलेक्ट्रिक इंजन लगा हुआ था। सूचना पर इसके पीछे अन्य स्टेशनों पर भी इलेक्ट्रिक इंजन लगी हुई ट्रेनें रोक दी गईं। जिनका संचालन लाइन ठीक होने के चार घंटे बाद हो सका। इलेक्ट्रिक इंजन ट्रेनों के चार घंटे हुए ठहराव से यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। तिलहर रेलवे स्टेशन पर खड़ी फैजाबाद सहारनपुर ट्रेन के यात्री खासे परेशान रहे।