शाहजहांपुर। परिवहन निगम की बसों में सफर करने वाले यात्रियों को स्मार्ट एमएसटी कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। इसे प्रत्येक महीने रिन्यूवल कराने के बजाये रीचार्ज कराना होगा। इससे नौकरीपेशा, छात्र-छात्राओं आदि का सफर आसान होगा। ऑनलाइन एमएसटी बनाने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी।
जनपद में परिवहन निगम के बेड़े से 225 बसों का संचालन होता है। इसमें 78 अनुबंधित बसें शामिल हैं। निगम की बसों में 288 एमएसटी धारक निगम की बसों में सफर करते हैं। अगस्त महीने में शाहजहांपुर और जलालाबाद समेत पांच लाख 63 हजार रुपये की एमएसटी बनाई गई।
बरेली, लखीमपुर, गोला, फर्रुखाबाद रूट पर सबसे ज्यादा कार्ड धारक सफर करते हैं। वर्तमान में आधार कार्ड, हाईस्कूल का प्रमाण पत्र और फोटो देने के बाद ही ऑफलाइन एमएसटी बनती हैं, लेकिन जल्द ही एमएसटी कार्ड बनवाने के लिए यात्रियों को बस अड्डे आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
परिवहन निगम की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन एमएसटी कार्ड बनवा सकेंगे। इसके लिए मुख्यालय से शाहजहांपुर डिपो को पत्र भेज दिया गया है। इसी पर रिन्यूवल की सुविधा भी रहेगी, साथ ही रिचार्ज भी कराने की व्यवस्था दी गई है।
अलग-अलग जारी होंगे कार्ड
परिवहन निगम ने आम यात्रियों व छात्रों के लिए अलग-अलग एमएसटी कार्ड जारी किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, छात्र मंथली सीजनल टिकट (एमएसटी) कार्ड पर सफर कर सकेंगे। छात्र को पहचान पत्र साथ में रखना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त सामान्य एमएसटी भी बनेगी। इसके लिए अधिकतम किलोमीटर की यात्रा तय होगी।
ऑनलाइन एमएसटी बनाने के निर्देश आए हैं। ये बस अड्डे से भी बन सकेंगी। इसके लिए मुख्यालय से पत्र आ गया। जल्द ही व्यवस्था को बस अड्डे पर शुरू कराया जाएगा।
- अरुण कुमार, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक