शाहजहांपुर। रेलवे क्रॉसिंग गेट के बूम को रोडवेज बस ने तोड़ दिया। बूम की चपेट में ओएचई लाइन आने से बिजली ट्रिप हो गई। करीब 45 मिनट तक रेलवे यातायात बाधित रहा। सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे बंथरा-शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन के बीच शाहबाजनगर स्थित रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर 325 के बूम को रोडवेज बस ने तोड़ दिया। बस की टक्कर से बूम उछलकर ओएचई लाइन से टकराया, जिसकी वजह से बिजली ट्रिप हो गई। कंट्रोल के आदेश पर पहुंची टॉवर वैगन ने मरम्मत का कार्य शुरू किया। इस बीच करीब 45 मिनट तक रेल यातायात प्रभावित रहा।
शाम साढ़े पांच बजे से रेलवे क्रॉसिंग का बूम टूटने और ओएचई लाइन के ट्रिप होने से किसान एक्सप्रेस को रामप्रसाद बिस्मिल रेलवे स्टेशन तथा राज्यरानी एक्सप्रेस को रोजा स्टेशन में खड़ा होना पड़ा। रेलवे क्रॉसिंग का गेट व ओएचई लाइन की मरम्मत के बाद रेल यातायात सुचारू हो सका। आरपीएफ सब इंस्पेक्टर नरवीर सिंह ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग के बूम को तोड़ने वाली रोडवेज बस के ड्राइवर को पकड़ लिया गया है। उसके खिलाफ रेलवे एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।