शाहजहांपुर। अल्हागंज क्षेत्र में सड़क किनारे पलटी रोडवेज की अनुबधित बस। संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर से फर्रुखाबाद की ओर जा रही बरेली डिपो की अनुबंधित बस शुक्रवार दोपहर अल्हागंज क्षेत्र में गांव मनिहार के सामने बाइक सवारों को बचाने की कोशिश में पलट गई। हादसे के बाद चालक और परिचालक मौके से चले गए। हादसे में करीब आठ सवारियां घायल हो गईं। दो महिलाओं समेत तीन लोगों को ज्यादा चोट आने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भेज दिया गया। सूचना पर एसडीएम सौरभ भट्ट सीएचसी पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया।
शाहजहांपुर से सवारियां भरकर बस फर्रुखाबाद जा रही थी। दोपहर करीब 12 बजे जब यह बस फर्रुखाबाद हाईवे पर अल्हागंज क्षेत्र के गांव मनिहार दहेना के पास थी, तभी अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फर्रुखाबाद की तरफ से दो बाइकों पर सवार चार युवक आ रहे थे। बाइक सवार एक युवक दूसरी बाइक पर बैठे साथी का हाथ पकड़े हुए था।
उन्हें बचाने के प्रयास में चालक ने बस को बायीं तरफ मोड़ा। इसी दौरान पास की झाड़ियों से गाय निकली, जिसे बचाने में बस असंतुलित होकर पलट गई। बस में 24-25 यात्री सवार थे। हादसे से उनमें चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर उन्हें जलालाबाद सीएचसी भिजवाया।
सूचना पाकर एसडीएम भी अस्पताल पहुंच गए। हादसे में थाना अमृतपुर के गांव हरसीपुर निवासी शिवकुमार की पत्नी अनुपम, जलालाबाद के गांव गुनारा निवासी दयाशंकर की पत्नी छुन्नी देवी और लखनऊ के दुबग्गा निवासी आजाद अहमद गंभीर घायल होने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अन्य घायल प्राथमिक उपचार के बाद गंतव्य के लिए चले गए। एसडीएम के अनुसार यात्रियों ने बताया कि हादसे के बाद चालक और परिचालक मौके से चले गए। एसडीएम ने हादसे की सूचना विभागीय अधिकारियों को दी है।