निगोही। थाना निगोही क्षेत्र के हमजापुर चौराहे के पास तिलहर रोड पर ईटों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक सवार पिता-पुत्र को पीछे से टक्कर मार दी। इसमें पिता की मौके पर मौत हो गई, जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल है।
क्षेत्र के भुंडी निवासी रामभजन (60) अपने बेटे विश्राम के साथ क्षेत्र के गांव महमदपुर स्थित विश्राम की ससुराल से वापस बाइक से अपने घर लौट रहे थे। विश्राम हेल्मेट लगाकर बाइक चला रहा था। पिता पीछे बैठे थे। जैसे ही दोनों तिलहर रोड पर हमजापुर चौराहे पर पहुंचे तभी पीछे ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी।
बाइक पर पीछे बैठे रामभजन के सड़क पर गिरने के बाद ट्रैक्टर का पहिया उनके ऊपर से गुजरने से उनकी मौके पर मौत हो गई। जबकि विश्राम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने रामभजन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायल विश्राम को राजकीय मेडिकल कालेज में इलाज के लिए भेजा। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया।