मृतक रामजी त्रिवेदी का फाइल फोटो
- फोटो : SHAHJAHANPUR
अल्हागंज (शाहजहांपुर)। अल्हागंज थाना क्षेत्र में एस्सार पेट्रोल पंप के पास सोमवार शाम गंगा स्नान करने फर्रुखाबाद जा रहे बाइक सवार जुड़वा भाइयों को सामने से आ रहे कंटेनर ने टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। देर रात इलाज के दौरान एक की मौत हो गई।
मूल रूप से सीतापुर और हाल निवासी थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के मोहल्ला ताहवरगंज के चंद्रशेखर त्रिवेदी के 23 वर्षीय जुड़वा बेटे रामजी और श्यामजी बाइक से सोमवार की शाम फर्रुखाबाद गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। दोनों अल्हागंज थाना क्षेत्र में स्थित ततियारी गांव के निकट एस्सार पेट्रोल पंप के पास पहुंचे। तभी फर्रुखाबाद की तरफ से आ रहे कंटेनर ने बाइक को टक्कर मार दी।
बाइक सवार दोनों भाई टक्कर लगने से जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां देर रात करीब नौ बजे रामजी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायल श्यामजी का इलाज चल रहा है। सूचना पर घायलों के परिजन भी राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंच गए।
रामजी की मौत की खबर पर अस्पताल पहुंचकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रामजी की दो साल पहले मोहिनी से शादी हुई थी। उनका करीब एक साल का बेटा सुंदरम है। रामजी की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए हुए थे। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।