मीरानपुर कटरा में रोते बिलखते मृतका मिन्नती के परिजन । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। मीरानपुर कटरा क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मार दी। इसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। निजी चिकित्सक ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया, जबकि चालक भाग गया।
बरेली के थाना फरीदपुर के गांव नवदिया अशोक निवासी अली हसन बाइक से अपनी मां मिन्नती के साथ मीरानपुर कटरा के गांव हुसैनपुर कबरा जा रहा था। मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे जब वह नेशनल हाईवे पर जैतीपुर मोड़ के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। बाइक गिरने से मां-बेटे घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने मिन्नत को मृत घोषित कर दिया। चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बेटे की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ट्रैक्टर के नीचे दबकर युवक की गई जान
कांट थाना क्षेत्र के गांव सरथौली निवासी देवेंद्र सिंह के 20 वर्षीय बेटे शिवम की अनियंत्रित ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौत हो गई। उसके तीन साथी घायल हो गए।
थाना कांट क्षेत्र के गांव सरथौली में सोमवार को जन्माष्टमी पर कार्यक्रम था। टेंट हाउस से सामान लाया गया था। मंगलवार को यही सामान वापस भुड़िया गांव स्थित टेंट हाउस पहुंचाने के लिए गांव के शिवम सिंह, विवेक सिंह, प्रशांत, शोभित ट्रैक्टर से गए थे।
सामान टेंट हाउस में पहुंचाकर दोपहर करीब दो बजे रहतारे गांव के सामने बाइक को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर असंतुलित हो गया। ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबकर सभी घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां शिवम को मृत घोषित कर दिया। अन्य लोगों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।