शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के कच्चा कटरा के पास ई-रिक्शा में बैठी महिलाओं ने सेवानिवृत्त पुलिस इंस्पेक्टर श्रीधर मिश्रा की पत्नी सुमन मिश्रा के गले से सोने की चेन चोरी कर ली। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं।
चौक कोतवाली इलाके के मोहल्ला खलीलशर्की निवासी श्रीधर मिश्रा शुक्रवार सुबह 10:50 पर पत्नी सुमन मिश्रा के साथ घर से ई-रिक्शा पर बैठकर एबीरिच इंटर कॉलेज तक जा रहे थे। ई-रिक्शा पर पीली साड़ी पहनें कुछ महिलाएं आकर बैठ गईं। तब श्रीधर मिश्रा आगे ई-रिक्शा चालक के बगल में बैठ गए। इतने में सुमन मिश्रा के बगल में बैठी महिला उनका पैर दबाने लगी। इसे लेकर विवाद हुआ तो श्रीधर अपनी पत्नी के साथ कच्चा कटरा पर उतर गए।
उतरने के बाद सुमन ने देखा कि उनकी सोने की चेन गायब थी जिसकी कीमत लगभग 5.50 लाख बताई गई है। इसके बाद उन्होंने चौक कोतवाली जाकर घटना की तहरीर दी। इंस्पेक्टर चौक कोतवाली अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि मामले में सीसीटीवी फुटेज चेक कराए गए हैं। खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। संवाद