छावनी परिषद की मिनी मैराथन का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ एडम कमांडेंट एसके ठाकुर ने मुख्य अधिशासी अधिकारी नागेश कुमार पांडेय और उपाध्यक्ष अवधेश कुमार दीक्षित ने झंडी दिखाकर किया। मिनी मैराथन में शाहजहांपुर के अलावा हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत आदि जनपदों के युवा भी शामिल हुए। मैराथन को सीनियर, जूनियर और सीनियर सिटीजन वर्ग में बांटा गया था। सुरक्षा के दृष्टिकोण से सेना और पुलिस के जवानों तथा जिला चिकित्सालय की ओर से दो एंबुलेंस की व्यवस्था भी रही। सभी वर्गों के विजेताओं को नगर पुरस्कार के साथ ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर उत्साहवर्धन किया गया। विजेताओं में सभी वर्गों में साकिब हुसैन, संजीव कुमार, कृष्ण मोहन, शिवांगी, सोनिया सिंह, मेहर, शिवपाल, शनिपाल, प्रदीप यादव, अनंगपाल, सुशील विश्नोई, हरिओम, कुशल पाल राजपूत, शिवजीत, संजीव कुमार, गौरव, प्रदीप, आशू, अनुराधा, प्रीति चौधरी, लक्ष्मी राज, महजबीं मंसूरी, रिंकी, मोहनी आदि प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के विजेता घोषित किए गए। इस मौके पर मयूर इंटरटेनमेंट्स ग्रुप के कलाकारों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीत प्रस्तुत कर तालियां बटोरीं। क्रिएटिव ईवेंट ग्रुप के निदेशक नरेंद्र सक्सेना के संचालन में हुए आयोजन में छावनी परिषद के सदस्य मुकेश कुमार, गजेंद्र गंगवार, उर्मिला, रेखा राना समेत छावनी परिषद स्टाफ का योगदान रहा।
आरएसएस ने जवानों को समर्पित की दौड़
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने थल सेना दिवस पर एक दौड़ देश के जवानों के नाम का आयोजन किया। बाबा विश्वनाथ मंदिर से सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई दौड़ में बड़ी संख्या में युवा हाथों में तिरंगा लेकर सड़क पर दौड़ पड़े। हाथों में तिरंगा झंडा लहराते हुए युवाओं का जोश देखते ही बनता था। यह दौड़ शहीद उद्यान, सदर बाजार, गोविंदगंज होते हुए वापस मंदिर परिसर में ही हुई। इससे पूर्व पूर्व सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल प्रमोद गुप्ता ने कमांडो अनिल सिंह चौहान, पीपी सिंह, सह जिला संघ चालक कमलेश द्विवेदी ने आजादी की लड़ाई में योगदान देने वाले क्रांतिकारियों को याद करते हुए उनकी गौरवगाथा सुनाई और युवाओं को राष्ट्रधर्म का पाठ पढ़ाया। सह नगर कार्यवाह अभिनव तिवारी के संचालन में बच्चों ने देशभक्ति के गीतों पर नृत्य कर तालियां बटोरीं। दौड़ में राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी भी शामिल की गई। समापन पर लकी ड्रॉ भी निकाला गया, जिसके विजेताओं को आयोजकों ने पुरस्कृत किया।