विधानसभा चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम रामगणेश और एसपी केबी सिंह ने रविवार को निगोही थाना का आकस्मिक निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने चुनाव के मद्देनजर अभी तक हुई निरोधात्मक कार्रवाई अपर्याप्त पाते हुए नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने थानाध्यक्ष अवनीश यादव को शस्त्र लाइसेंस जमा कराने, अपराधी प्रवृत्ति के लोगों को मुचलकों से पाबंद करने, अवैध शराब की धरपकड़ आदि कामों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीएम ने थाने में तैनात उपनिरीक्षकों से उन्हें आवंटित गांवों की संख्या और उनमें किए भ्रमण का ब्यौरा तलब करने के साथ कुल शस्त्र लाइसेंसों के सापेक्ष जमा कराए शस्त्रों, धारा 107/116 के अंतर्गत मुचलकों से पाबंद किए गए लोगों, पाबंदी की धनराशि, पाबंद लोगों को नोटिस तामील, हिस्ट्रीशीटरों की संख्या, अति संवेदनशील गांवों में शांति व्यवस्था बनाए रखने को अब तक की गई बैठकों आदि बिंदुओें की समीक्षा की। डीएम ने उप निरीक्षकों से उनके क्षेत्र में शस्त्र लाइसेंस और हिस्ट्रीशीटरों की संख्या के बारे में पूछताछ की। जानकारी नहीं होने पर कई उपनिरीक्षक खामोश रहे तो डीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए चेतावनी दी कि यदि थानाध्यक्ष और उप निरीक्षक निर्वाचन से जुड़े अपने कार्यों को संवेदनशील होकर गंभीरतापूर्वक नहीं करेंगे तो उनके विरुद्ध निर्वाचन आयोग के स्तर से कार्रवाई कराई जाएगी। डीएम ने कहा कि सभी उप निरीक्षक अपने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति के साथ आपराधिक कार्यों में लिप्त लोगों, गुंडे-बदमाशों, दबंगई दिखाने वालों, हिस्ट्रीशीटरों आदि से संबंधित जानकारी तत्काल अपडेट करके उसी के अनुरूप कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि यह तभी संभव होगा जब एसआई नियमित क्षेत्र भ्रमण करेंगे। डीएम ने पाया कि थाना से संबंधित गांवोें में 2370 शस्त्र लाइसेंसों के सापेक्ष अभी तक केवल 700 शस्त्र जमा कराए गए हैं। समीक्षा से यह भी स्पष्ट हुआ कि 1491 लोगों के विरुद्ध धारा 107/116 के तहत कार्रवाई की गई। इनमें से 1195 लोगों को रजिस्टर पर दर्ज किया गया, लेकिन मात्र 50 लोगों को नोटिस तामील कराए जा सके। दोनों अधिकारियों ने शिथिलता का गंभीर मामला मानते हुए शत-प्रतिशत नोटिस तामील कराने के निर्देश दिए।
पुवायां सर्किल के थानों का निरीक्षण आज
विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए थाना स्तर पर किए जा रहे कार्यों की निगरानी के लिए डीएम और एसपी सोमवार को थाना सिंधौली समेत पुवायां, बंडा और खुटार थानों का निरीक्षण करने के साथ वहां के संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों का दौरा करेंगे।
10 शस्त्र लाइसेंस निरस्त, 12 निलंबित
डीएम राम गणेश ने बताया कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए शस्त्रधारकों पर की जा रही कार्रवाई के तहत शस्त्र संबंधी वादोें का तेजी से निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक दस शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए गए हैं और 12 अन्य शस्त्र लाइसेंस विभिन्न अनियमितताओं में निलंबित किए जा चुके हैं।