तिलहर। आर्य समाज मंदिर और उससे संचालित महर्षि दयानंद शिक्षा सदन के प्रबंधन को लेकर चल रहे विवाद में पुलिस ने दूसरे पक्ष की ओर से भी रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
दूसरे पक्ष के गढ़िया रंगीन क्षेत्र के गांव शिवराजपुर निवासी शिवराम सिंह की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। इसमें आर्य समाज से जुड़े लोकेश आर्य, उनके पुत्र अभिनव, भतीजे आयुष और 10-15 अज्ञात लोगों पर पीटने और धमकाने का आरोप लगाया गया है। शिवराम ने तहरीर देकर बताया कि वह महर्षि दयानंद शिक्षा सदन के प्रबंधक हैं। उनका आरोप है कि गत 28 जून को सुबह करीब आठ बजे वह आर्य समाज परिसर में हवन कराने पहुंचे। इसी दौरान लोकेश आदि ने उन्हें और साथ आए लोगों को पीटा तथा भविष्य में परिसर में आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पुलिस इस मामले में लोकेश की तहरीर पर शिवराम आदि के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट पहले ही दर्ज कर चुकी है।
लोकेश का दावा है कि शिवराम सिंह और उनके सहयोगियों को कई वर्ष पहले संस्था से निष्कासित किया जा चुका है और प्रबंधन संबंधी विवाद न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण 15 जुलाई को सुनवाई निर्धारित है। सीओ इशिका सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से दर्ज रिपोर्ट के आधार पर जांच होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद