तिलहर। सोमवार की रात जमीन के विवाद में समीर हसन की गोली मारकर हत्या करने के मामले में मृतक की पत्नी ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
तिलहर थाना क्षेत्र के मोहल्ला नजरपुर निवासी समीर हसन की सोमवार की रात मकान के विवाद को लेकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। समीर हसन की पत्नी सायमा ने पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि उसके पति समीर हसन का अपने चचेरे भाई असलम, अकरम आदि से दरवाजा लगाने को लेकर विवाद चल रहा था। इस विवाद को सुलझाने के लिए कुछ लोगों ने समझौता करा दिया था। बताया कि समझौते के अनुसार उसका पति समीर हसन मकान की जमीन पर काम करा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान असलम, उसका भाई अकरम, रफीक एवं शफीक मौके पर आए और गाली गलौज कर विवाद करने लगे।
सायमा का आरोप है कि आरोपियों ने उसके पति समीर हसन को घर से खींचकर तमंचे से उसके सीने पर गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या के मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।