शाहजहांपुर में घर के बाहर सो रही बच्ची के साथ रिश्तेदार ने अश्लील हरकत की। बच्ची की मां ने मामले को लेकर थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र में तीन वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आठ अप्रैल को तीन वर्षीय बच्ची घर के बाहर चबूतरे पर लेटी सो रही थी। उसकी मां काम-काज में लगी थी। तभी महिला के चचेरे ससुर का बेटा आया और बच्ची को बुरी नीयत से दबोचने के साथ अश्लील हरकतें करने लगा। बच्ची के रोने पर आरोपी मौके से भाग गया। बच्ची ने आकर अपनी मां को पूरी बात बताई।
विज्ञापन
इसके बाद महिला अपने चचेरे ससुर के घर देवर की शिकायत करने के लिए पहुंच गई। जहां उसके साथ गाली-गलौच के बाद मारपीट कर दी। मां की तहरीर पर कांट थाने की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बुधवार को मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। मामले की जांच की जा रही है।