बंडा। युवती को शादी का झांसा देकर एक युवक ने तीन साल तक दुष्कर्म किया। युवती के गर्भवती होने पर युवक ने शादी से इनकार कर दिया है।
पीड़ित युवती बंडा इलाके की रहने वाली है। युवती ने बताया कि आरोपी उसी के गांव का है, जिसने उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। फिर शादी करने का झांसा देकर तीन वर्ष तक शारीरिक संबंध बनाता रहा। उसके गर्भवती होने पर परिवार के लोगों को जानकारी हुई। युवती के परिजन ने शादी करने को कहा तो युवक टालमटोल करता रहा। अब उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया है।
युवती का आरोप है कि उस पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया जा रहा है। युवती ने 18 अगस्त को बंडा पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने जांच की बात कहते हुए रिपोर्ट दर्ज नहीं की। युवती ने एसपी को पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। बंडा थाना प्रभारी मनोज कुमार का कहना है कि युवती शादी कराने को कह रही है। मगर जब तक दोनों पक्ष राजी नहीं होते तब तक शादी कराना संभव नहीं है। युवती रिपोर्ट दर्ज नहीं कराना चाहती है।
दुष्कर्म का विरोध करने पर महिला का गाल काटा
बंडा। दुष्कर्म का विरोध करने पर आरोपी ने महिला का गाल दांतों से काटकर जख्मी कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीड़ित महिला बंडा इलाके की रहने वाली है। महिला ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार रात वह और उसकी बेटी घर में थीं। रात करीब ढाई बजे उनके घर में गांव का एक युवक गया और उससे दुष्कर्म की कोशिश करने लगा। महिला के शोर मचाने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। महिला शांत नहीं हुई तो उसके गाल में आरोपी ने दांतों से काट लिया। महिला के गाल का काफी मांस गायब हो गया है। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
शोर सुनकर महिला की पुत्री जाग गई। उसने भी शोर मचाया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग निकला। पीड़ित ने शुक्रवार को बंडा थाने जाकर तहरीर दी। महिला को इलाज के लिए बंडा सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण महिला को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बंडा के थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी बादाम की तलाश की जा रही है।