शाहजहांपुर/पुवायां। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गन्ना, किसान, माफिया, विकास और बुलडोजर का जिक्र करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार बिना भेदभाव के विकास कराती है तो सुरक्षा भी देती है। सुरक्षा और विकास का मॉडल पूरे देश में सराहा गया। उसका परिणाम सबके सामने है। सरकार के एक हाथ में विकास की छड़ी है तो दूसरे हाथ पर बुलडोजर का स्टेयरिंग है। सरकार का बुलडोजर सड़क भी बनाता है और माफिया की छाती पर चढ़ने का काम भी करता है। विकास और बुलडोजर साथ साथ चलेंगे। योगी आदित्यनाथ ददरौल विधानसभा के प्रत्याशी मानवेंद्र सिंह के समर्थन में कांट के रामलीला मैदान में और पुवायां विधानसभा के प्रत्याशी चेतराम पासी के पक्ष में पुवायां इंटर कॉलेज मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
कांट में शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे और पुवायां में शाम 5.50 बजे आए मुख्यमंत्री योगी ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि यह वहीं उत्तर प्रदेश है, जहां पांच साल पहले केवल सैफई खानदान और आजम खान को बिजली मिलती थी। अब सभी को बिजली मिल रही। पहले बेटियां स्कूल नहीं जा पातीं थीं, रामलीला के आयोजन नहीं होते थे और त्योहार आने से पहले कर्फ्यू लग जाता था। आज प्रदेश में दंगा करने का कोई दु:साहस कोई नहीं कर पा रहा। उन्हें मालूम है कि दंगा करेंगे तो सात पीढ़ी भरते भरते थक जाएगी। उन्होंने राशन, मेडिकल कॉलेज और वैक्सीन का जिक्र करते हुए सपा पर कटाक्ष किया कि लोग वैक्सीन को लेकर दुष्प्रचार करते थे कि यह मोदी और भाजपा की वैक्सीन है, पर इसी वैक्सीन ने जनता को बचाया। दुष्प्रचार करने वालों को जनता जवाब दे कि जब भाजपा की वैक्सीन ने बचाया तो वोट भी उन्हीं को देंगे।
योगी ने गरीबों के खाते, काकोरी एक्शन के अमर नायकों के लिए बने शहीद संग्रहालय पर चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा ने मेडिकल कॉलेज बनाया तो सपा ने कब्रिस्तान की चहारदीवारी का निर्माण कराया। देश को आजाद कराने में क्रांतिकारियों ने देश के लिए खुद को कुर्बान कर दिया। दूसरी तरफ सपा और बसपा सिर्फ अपने परिवार के लिए जीने वाले लोग हैं। इन्होंने वंशवाद को बढ़ावा दिया।
कहा कि डबल इंजन की सरकार ने आते ही किसानों की कर्जमाफी की। सपा ने पेंशन रोंकी तो हमने दिव्यांगों, विधवाओं को पेंशन दी। योगी ने युवाओं को तोहफा देते हुए कहा कि भाजपा की सरकार बनीं तो दो करोड़ युवाओं को टेबलेट और स्मार्ट फोन देंगे।
मुख्यमंत्री ने शहर में होली पर निकलने वाले लॉट साहब के जुलूस से लेकर अयोध्या के भव्य राममंदिर, भगवान विश्वानाथ के धाम, मथुरा और वृंदावन की नगरी से कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया। उन्होंने चेतराम को भारी मतों से जिताने की अपील की। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद, सांसद अरुण सागर, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णाराज, पूर्व मंत्री अवधेश वर्मा, एससीएसटी आयोग के उपाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, पूर्व विधायक शकुंतला देवी, डॉ. सुधीर गुप्ता पुवायां के चेयरमैन संजय गुप्ता, खुटार के चेयरमैन अनुपम शुक्ला, ब्लाक प्रमुख नमित दीक्षित, प्रवीण मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर, रविंद्र सिंह राठौर, अरुण गुप्ता, डीपीएस राठौर, उन्नत मिश्रा, कौशल मिश्रा, महेश पाल सिंह, श्रीदत्त शुक्ला, मुनेश्वर दयाल वर्मा मौजूद रहे।